
सांकेतिक तस्वीर फोटो जेनरेट AI
Balrampur News: बलरामपुर में 29 और 30 अक्टूबर को मौसम बिगड़ने की आशंका है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के बाद जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने लोगों को आंधी, बारिश और बिजली कड़कने के खतरे को लेकर सतर्क रहने की अपील की है। प्रशासन ने कच्चे और जर्जर मकानों में रहने वालों को सुरक्षित स्थान पर जाने, किसानों को फसलों की सुरक्षा करने और वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।
बलरामपुर जिले में 29 और 30 अक्टूबर को खराब मौसम की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने बताया कि मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान अर्नब के संभावित प्रभाव से जिले में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान बिजली कड़कने का भी खतरा है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।
डीएम ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें। तेज हवा चलने पर पक्के मकान के अंदर सुरक्षित स्थान पर रहें। कच्चे और जर्जर मकानों में रहने वाले लोग समय रहते सुरक्षित जगह पर चले जाएं। घर की खिड़कियां और दरवाजे बंद रखें। आंधी के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और बड़े होर्डिंग के नीचे खड़े न हों। बिजली कड़कने के दौरान खुले मैदान, खेत और पानी वाले स्थानों से दूर रहें। बारिश के समय नदी, नाले, तालाब और जलभराव वाले इलाकों में जाने से बचें। गीले हाथों से बिजली के स्विच न छुएं। तेज हवा और बारिश के दौरान छत पर जाने से भी बचें।
प्रशासन ने लोगों को सलाह दी है कि वे आपात स्थिति से निपटने के लिए टॉर्च, मोबाइल, पावर बैंक, जरूरी दवाएं, पीने का पानी और सूखा राशन तैयार रखें। बिजली के उपकरणों को सुरक्षित रखें और मौसम खराब होने पर टीवी, फ्रिज व कंप्यूटर जैसे उपकरणों के प्लग निकाल दें।
लोग मौसम की जानकारी रेडियो, टीवी और जिला प्रशासन की आधिकारिक सूचनाओं से लेते रहें। अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी सूचना को बिना पुष्टि के आगे न बढ़ाएं।
डीएम ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी फसलों को संभावित नुकसान से बचाने के लिए जरूरी कदम उठाएं। संभव हो तो तैयार फसलों की कटाई समय रहते कर लें और उपज को सुरक्षित तथा सूखे स्थान पर रखें। पशुओं को भी सुरक्षित जगह पर बांधकर रखें। वाहन चालकों को बारिश और तेज हवा के दौरान धीमी गति से चलने तथा हेडलाइट जलाकर रखने की सलाह दी गई है। अनावश्यक यात्रा से बचें। सड़क पर पेड़ या बिजली का तार गिरा दिखाई दे तो इसकी सूचना 1070 या 112 पर दें।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को पहले से सतर्क करने और आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने और प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।
Updated on:
28 Oct 2026, 2:16 PM IST
Published on:
28 Oct 2026, 2:16 PM IST
बड़ी खबरें
View Allबलरामपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.