18 अक्टूबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

दुर्गा पंडाल के बाहर 7 लोगों को कार ने रौंदा, 3 की मौत, बलरामपुर में दीवार से टकराकर रुकी गाड़ी

Balrampur Car Accident: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर में हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। इस दर्दनाक दुर्घटना में तीन लोगों की जान चली गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
2 min read
Google source verification
balrampur durga pandal car accident 3 death

Balrampur Road Accident: बलरामपुर में नवरात्रि के दौरान दुर्गा पंडाल के बाहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। शनिवार रात तेज रफ्तार फोर्ड कार ने सड़क किनारे खड़े सात लोगों को कुचल दिया। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद कार एक दीवार से जा भिड़ी। घटना के बाद चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया, लेकिन ग्रामीणों ने करीब 15 से 16 किलोमीटर तक पीछा कर उसे पकड़ लिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने चालक के नशे में होने का आरोप लगाया है।

प्रोजेक्टर पर वीडियो देखने के बाद घर जाने की तैयारी कर रहे थे लोग

हादसा कोतवाली देहात क्षेत्र की बेल्हा ग्राम पंचायत के चरनगहिया बेलहा गांव में शनिवार रात करीब 11 बजे हुआ। कुछ लोग दुर्गा पंडाल के बगल में लगे टेंट में प्रोजेक्टर के जरिए प्रोग्राम देख रहे थे। इस दौरान तेज रफ्तार फोर्ड कार (UP 32 KA 2425) टेंट में घुस गई और 7 लोगों को कुचलते हुए दीवार से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि धमाके जैसी आवाज हुई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों की मदद में जुट गए।

अस्पताल पहुंचने पर तीन लोगों की मौत

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने पाटेश्वरी प्रसाद (42), मनोज सिंह (51) और गणेश पांडेय (45) को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल छेदीराम (50), घोपराम (31), डब्लू (37) और मुकेश तिवारी (30) को बेहतर इलाज के लिए बहराइच के उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया। सभी घायलों का इलाज चल रहा है।

कार छोड़कर बस से भागने की कोशिश कर रहा था चालक

हादसे के बाद चालक कार लेकर मौके से भाग निकला। ग्रामीणों ने उसका पीछा शुरू कर दिया। करीब 15 से 16 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद उसे पकड़ने की कोशिश की गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चालक कार छोड़कर बस से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

पुलिस ने आरोपी चालक की पहचान सीतापुर निवासी आदर्श यादव के रूप में की है। प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोप लगाया कि चालक नशे में था और उसकी कार में शराब की बोतलें भी रखी थीं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और कार के मालिक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

अंधेरा और तेज रफ्तार हादसे की वजह, बोले सीओ

सीओ अभिषेक सिंह के मुताबिक, चरनगहिया बेलहा गांव में सड़क किनारे कुछ लोग कार्यक्रम में शामिल थे। इसी दौरान वहां से गुजर रही कार अनियंत्रित हो गई और सात लोगों को टक्कर मार दी। घटना के बाद चालक को पकड़ने के लिए पुलिस ने घेराबंदी की और सीमावर्ती रास्तों पर निगरानी बढ़ाई। करीब एक घंटे के भीतर आरोपी को पकड़ लिया गया।

डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि जनपद बलरामपुर में सड़क हादसे में हुई जनहानि अत्यंत पीड़ादायक है। मेरी गहन संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं।

मां दुर्गा से दिवंगत पुण्यात्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने, घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करने तथा शोक संतप्त परिजनों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं। ॐ शांति!