बैंगलोर

एड शीरन ने चर्च स्ट्रीट पर अचानक गाया शेप ऑफ यू… फि‍र पहुंचा एक पुलिसवाला और गाना रोक दिया

अपने संगीत कार्यक्रम के लिए शहर में आए ग्रैमी पुरस्कार विजेता शीरन चर्च स्ट्रीट पर अपना पॉप हिट नंबर शेप ऑफ यू गा रहे थे, तभी एक पुलिसकर्मी ने साउंड सिस्टम से उनका माइक्रोफोन काट दिया। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में शीरन को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि हमें यहां आने की अनुमति है।

2 min read

बेंगलूरु. ब्रिटिश पॉप गायक एड शीरन रविवार सुबह अचानक चर्च स्‍ट्रीट पहुंचे और उन्‍होंने फुटपाथ पर खड़े होकर युवाओं की एक छोटी सी भीड़ के सामने अपना सबसे मशहूर गाना शेप ऑफ यू गाना शुरू कर दिया। लेकिन, अचानक पुलिस वहां आ धमकी और अनुमति नहीं होने का हवाला देते हुए शीरन का लाइव स्ट्रीट परफॉरमेंस रोक दिया।

अपने संगीत कार्यक्रम के लिए शहर में आए ग्रैमी पुरस्कार विजेता शीरन चर्च स्ट्रीट पर अपना पॉप हिट नंबर शेप ऑफ यू गा रहे थे, तभी एक पुलिसकर्मी ने साउंड सिस्टम से उनका माइक्रोफोन काट दिया। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में शीरन को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि हमें यहां आने की अनुमति है।

पुलिस ने कहा, अनुमति नहीं ली

हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने कहा कि उन्होंने पहले से अनुमति नहीं ली थी और इसलिए उन्हें कार्यक्रम रोकना पड़ा। उन्होंने अनुमति नहीं ली थी और हमें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है कि उन्होंने इसके लिए आवेदन किया था या नहीं। अगर उन्होंने आवेदन किया भी था, तो उन्हें सार्वजनिक स्थान पर शो करने से पहले अनुमति लेनी होगी। उन्होंने शनिवार को एक संगीत कार्यक्रम किया, जिसके 25,000 टिकट बिके।

कब्बन पार्क पुलिस स्टेशन के एक पुलिस अधिकारी ने कहा, उन्होंने अचानक प्रमोशन के लिए यह कार्यक्रम किया और इससे कानून-व्यवस्था की समस्या पैदा हो सकती थी। इसलिए हमने कार्रवाई की। उन्होंने आगे कहा, उन्होंने कानून का उल्लंघन किया। हमने उन्हें रोका और वहां से जाने की सलाह दी।

चर्च स्ट्रीट, वेंडर्स और मंगतों के लिए निषिद्ध

पिछले साल जब पुलिस ने चर्च स्ट्रीट से स्ट्रीट वेंडर्स को हटाया था, तो बसकर्स यानि मंगतों को भी सड़कों पर प्रदर्शन न करने को कह दिया था। बृहद बेंगलूरु महानगर पालिका (बीबीएमपी) के मुख्य नगर आयुक्त तुषार गिरिनाथ ने कहा, एक नियम है कि बसकरों (गाना-बजाना कर मांगने वाले) को अनुमति लेने की आवश्यकता होती है। लेकिन लोग बजाना जारी रखते हैं और कभी-कभी कार्रवाई भी की जाती है। यह एक ग्रे एरिया है और हम इसे जल्द ही सुलझा लेंगे।

इस बीच, जो लोग कार्यक्रम के समय चर्च स्ट्रीट पर थे, उन्होंने जो कुछ हुआ उसके बारे में सोशल मीडिया पर निराशा व्यक्त की। एक एक्स यूजर ने लिखा, अभी चर्च स्ट्रीट पर एड शीरन को देखा। उन्होंने अपना गाना गाया, लेकिन दुख की बात है कि पुलिस ने उन्हें बीच में ही रोक दिया। एक अन्य यूजर ने कहा, जब एड शीरन ने चर्च स्ट्रीट पर अचानक प्रदर्शन करके सबको चौंका दिया, तो पुलिस अधिकारी ने रोक लगा दी।

Published on:
09 Feb 2025 11:16 pm
Also Read
View All

अगली खबर