बैंगलोर

शपथ ग्रहण समारोह में उत्सव सा माहौल

अपने चहेते नेता के मंत्री बनने पर लगे नारे, मैजेस्टिक क्षेत्र में हुई आतिशबाजी

2 min read
karnataka
शपथ ग्रहण समारोह में उत्सव सा माहौल

बेंगलूरु. मंत्रियों शपथ ग्रहण समारोह बुधवार दोपहर बाद उत्सवी माहौल में हुआ। राज्य के अनेक विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली। राज्य के हजारों लोग शपथ ग्रहण समारोह के साक्षी बने। दोपहर करीब एक बजे से राजभवन के बाहर विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े कार्यकर्ताओं व स्थानीय लोगों के आने का क्रम शुरू हो गया था। पौने दो बजे से विधायक भी राजभवन पहुंचने लगे।

दो बजकर पांच मिनट पर मुख्यमंत्री राजभवन पहुंचे। उनके राजभवन के बाहर पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। लेकिन वे कार से बाहर नहीं उतरे।

दोपहर दो बजकर 18 मिनट पर राष्ट्रगान शुरू हुआ। इसके बार शपथ ग्रहण समारोह शुरू हुआ। राजभवन मार्ग पर वाहनों की रेलमपेल बढऩे और शपथ ग्रहण का समय नजदीक आते देख अनेक विधायक अपने वाहनों से उतर गए और पैदल ही राजभवन के लिए कूच किया।
समारोह के चलते राजभवन क्षेत्र को पुलिस ने सुरक्षा घेरे में ले लिया था। यहां चप्पे-चप्पे पर पुलिस के जवान और अधिकारी ही नजर आ रहे थे। यहां तक की दोपहर करीब ढाई बजे बम निरोधक दस्ते के सदस्य पहुंचे और जांच करने के बाद चले गए। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान मैजिस्टिक क्षेत्र में कार्यकर्ताओं ने खुशी से जमकर आतिशबाजी की। इसके चलते काफी देर तक यहां यातायात थम सा गया।

हड़बड़ी में खड़े किए वाहन पुलिस ने उठाए
राजभवन में शपथ ग्रहण समारोह के दौरान जल्दबाजी में अनेक कार्यकर्ता अपने चार पहिया वाहन राजभवन के बाहर बेतरतीब खड़ा कर चले गए। इससे राजभवन के बाहर अव्यवस्था का आलम हो गया। बाद में यातायात पुलिस ने के्रन मंगवा कर वाहनों को वहां से उठवा लिया।

प्लाज्मा टीवी पर टकटकी
राजभवन के बाहर शपथ ग्रहण समारोह के लाइव टेलीकास्ट की व्यवस्था थी। हजारों लोग प्लाज्मा टीवी के आगे टकटकी लगाए बैठे रहे। जैसे ही अपने क्षेत्र के विधायक का मंत्री पद के नाम पुकारा जाता कार्यकर्ता जयकारे लगाने से नहीं चूकते। प्रशासन की ओर से राजभवन के बाहर चार प्लाज्मा टीवी लगाए गए थे। बिना पास धारी कार्यकर्ता और सामान्य लोग आराम से शपथ ग्रहण समारोह देख रहे थे।

Updated on:
08 Jun 2018 01:04 am
Published on:
07 Jun 2018 05:31 pm