बैंगलोर

कर्नाटक : दूसरे दिन भी कम टेस्टिंग

- 24 घंटे में 356 नए मामले, 347 डिस्चार्ज, दो मौतें

less than 1 minute read
Dec 29, 2021
कर्नाटक : दूसरे दिन भी कम टेस्टिंग

बेंगलूरु. प्रदेश में बीते कुछ दिनों से लक्ष्य से काफी कम टेस्टिंग हो रही है। स्वास्थ्य मंत्री ने बेंगलूरु में 50 हजार सहित राज्य में प्रतिदिन न्यूनतम एक लाख टेस्टिंग करने की बात कही थी। लेकिन, लगातार दूसरे दिन स्वास्थ्य विभाग निर्धारित लक्ष्य से दूर रहा। स्वास्थ्य विभाग ने प्रदेश में गत 24 घंटे में 22,295 रैपिड एंटीजन और 47,698 आरटी-पीसीआर जांच सहित कुल 69,993 नए सैंपल जांचे। सोमवार को 58,495 नमूने जांचे गए थे।

राज्य में गत एक दिन में कोविड के 356 नए मरीज मिले जबकि संक्रमण से उबरे 347 लोगों को छुट्टी मिली। 7,456 लोगों का उपचार जारी है। राज्य में कोविड से 38,318 मरीजों की मौत हुई है। दो मौतों की पुष्टि मंगलवार को हुई। अभी तक संक्रमित कुल 30,05,232 लोगों में से 29,59,429 लोग संक्रमण से उबरे हैं।

राज्य में मंगलवार को टेस्ट पॉजिटिविटी रेट (टीपीआर) 0.50 फीसदी और केस फेटालिटी दर (सीएफआर) 0.56 फीसदी दर्ज की गई।
356 नए मरीजों में से 269 मरीज अकेले बेंगलूरु शहरी जिले में मिले हैं। उडुपी जिले में 20 सहित मैसूरु व दक्षिण कन्नड़ जिले में 10-10 नए मामले सामने आए हैं। नौ जिले में संक्रमण का कोई नया मामला सामने नहीं आया है।

प्रदेश में मंगलवार शाम 3.30 बजे तक 2,17,650 लोगों का टीकाकरण हुआ।

होटलों के कमरे में रहने पर कोई प्रतिबंध नहीं
बेंगलूरु. राज्य में गुरुवार से दो जनवरी तक रेस्तरां, होटल, पब और क्लब आदि बैठने की 50 फीसदी क्षमता के साथ ही खुलेंगे। कोविड उपयुक्त व्यवहार का सख्ती से पालन जरूरी है।

राज्य सरकार ने मंगलवार को स्पष्ट किया कि होटलों के संबंध में प्रतिबंध केवल उन खाने की जगहों पर लागू हैं, जहां होटल में मेहमानों को भोजन और पेय पदार्थ परोसे जाते हैं। स्वीकृत क्षमता के तहत कमरे में रहने पर कोई प्रतिबंध नहीं है।

Published on:
29 Dec 2021 01:48 pm
Also Read
View All