भोजन में अंडा भी शामिल...
विजयपुर. जिले के अक्का महादेवी महिला विश्वविद्यालय की 60 फीसदी छात्राएं कम हीमोग्लोबिन की समस्या से ग्रसित हैं। हाल में आयोजित एक स्वास्थ्य जांच शिविर में यह चिंताजनक स्थिति सामने आई है। इनका हीमोग्लोबिन स्तर 10 या इससे कम है।
चिकित्सकों का कहना है कि कम हीमोग्लोबिन और कम वजन मातृत्व सुख में बाधा डाल सकता है।मातृ और शिशु मृत्यु दर को कम करने के लिए जरूरी है कि परिवार , विवि और सरकार इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए एहतियाती कदम उठाए।
विवि की कुलपति प्रो. सबीहा ने भी इस पर चिंता जताई है।उन्होंने कहा कि उत्तर कर्नाटक की स्थिति ठीक नहीं है। आर्थिक और सामाजिक कारक हो सकते हैं। प्रभावित छात्राओं को नियमित रूप से आयरन की गोलियां लेने की सलाह दी गई है।
छात्राओं को उनके स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए महिला स्वास्थ्य विषय को अनिवार्य किया गया है।पहले यह वैकल्पिक था। छात्रावास को भी भोजन की गुणवत्ता बेहतर करने के निर्देश दिए गए हैं।
भोजन में अंडा भी शामिल किया गया है। शाकाहारी छात्राओं के लिए वैकल्पिक भोजन की व्यवस्था है।