
मैसूरु. विश्व प्रसिद्ध मैसूरु दशहरा महोत्सव के दौरान इस वर्ष सैलानियों को एयर शो देखने का मौका मिल सकता है। मैसूरु दशहरा-2018 की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए जल्द ही मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी के अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक होगी। जिलाधिकारी अभिराम जी. शंकर ने कहा कि जल्द ही कार्यकारी समिति की बैठक होगी, जिसकी अध्यक्षता जिला प्रभारी मंत्री करेंगे और बैठक में दशहरा महोत्सव के कार्यक्रमों को तय किया जाएगा।
उपायुक्त के साथ जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारियों की हुई बैठक में तय किया गया कि दशहरा पर्यटन प्रचार प्रसार की शुरुआत सितम्बर से होगी और जिसके माध्यम से पूरी दुनिया के लाखों पर्यटकों को 10 अक्टूबर से शुरू होने वाले दस दिवसीय दशहरा महोत्सव के दौरान मैसूरु आने के लिए आकर्षित किया जाएगा।
शंकर ने कहा कि इस वर्ष के दशहरा महोत्सव को भव्य रूप देने के लिए हम एयर शो आयोजित करने और रक्षा प्रदर्शनी लगाने पर विचार कर रहे हैं।
साथ ही पहली बार रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा, जिसके लिए कई कंपनियों से बात हो चुकी है। पर्यटन विभाग महोत्सव के दौरान होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तय कर रहा है और महोत्सव में पर्यटकों की संख्या बढ़े इसके लिए विशेष योजनाएं बनाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष दशहरा फूड मेला का आयोजन भारत स्काउट एंड गाइड ग्राउंड पर करने की योजना है।
ग्लास हाउस में होगी पुष्प प्रदर्शनी
दशहरा के दौरान मैसूरु आने वाले पर्यटकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े इसके लिए उपायुक्त ने एमसीसी और मैसूरु विकास प्राधिकरण (मुडा) के अधिकारियों को सभी ढांचागत विकास कार्यों को तेजी से पूरा करने का निर्देश दिया है। उन्होंने बागवानी विभाग को ग्लास हाउस का काम एक महीने के भीतर पूरा करने को कहा है ताकि दशहरा पुष्प प्रदर्शनी का आयोजन हो सके।
बैठक में तय होगी गज प्रयाण की तिथि
उन्होंने कहा कि गज प्रयाण की संभावित तिथि 23 अगस्त है, लेकिन इसकी आधिकारिक घोषणा जिला प्रशासन, वन विभाग तथा अन्य विभागों की बैठक के बाद होगी। जंगल स्थित शिविर से मैसूरु के लिए रवाना होने वाले पहले जत्थे में छह हाथी होंगे, जिसमें अर्जुन हाथी भी शामिल है जो जम्बो सवारी के स्वर्ण हौदा लेकर चलेगा। हाथियों का दूसरा जत्थ सितम्बर में आएगा।