बैंगलोर

ट्विटर पर तेज हुई नेताओं की चहचहाहट

मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या ने देर आए दुरुस्त आए की तर्ज पर 2017 के मध्य से ट्विटर पर मोर्चा खोल रखा है

2 min read

राम नरेश गौतम

बेंगलूरु. आभासी दुनिया की यह भागमभाग कर्नाटक विधानसभा चुनाव में भी शुरू हो चुकी है। मतदाताओं से मुखातिब होने के लिए फेसबुक, व्हाट्सएप के साथ माइक्रोब्लॉगिंग साइट ट्विटर पर नेताओं की चहचहाहट बढ़ी है। मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या ने देर आए दुरुस्त आए की तर्ज पर 2017 के मध्य से ट्विटर पर मोर्चा खोल रखा है। जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष बीएस येड्डियूरप्पा जुलाई 2009 से इस मंच पर चुस्त हैं। मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या की ट्विटरबाजी चाहे भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष प्रताप सिम्हा के बीच हो अथवा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कर्नाटक आगमन के दौरान, यह संघर्ष रोचक हो चला है। बीते विधान सभा चुनाव के समय अप्रैल 2013 से ट्विटर पर खाता खोल चुके पूर्व उपमुख्यमंत्री और पद्मनाभ नगर से भाजपा प्रत्याशी आर. अशोक करीब साढ़े तीन साल बाद सितंबर 2017 से पुन: सक्रिय हुए हैं। कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष एसआर पाटिल भी 2013 से ही ट्विटर पर हैं, लेकिन शुरुआती सालों में इक्का-दुक्का ट्वीट करने के बाद जनवरी 2018 से फिर जागृत हैं।

ये भी पढ़ें

बीजेपी का उपवास: केंद्रीय मंत्री बोले, कांग्रेस कर रही लोकतंत्र की हत्या

ये देर से जागे
भाजपा से प्रदेश उपाध्यक्ष गोविंद कारजोल सितंबर 2017, विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष केएस ईश्वरप्पा नवम्बर 2017, केंंद्रीय राज्य मंत्री अनंत कुमार हेगड़े मार्च 2016 में ट्विटर पर आए हैं। कांग्रेस से मंत्री डीके शिवकुमार नवम्बर 2015 में, रामलिंगा रेड्डी सितम्बर 2016 में, एचएम रेवण्णा अक्टूबर 2017 में ट्वीट-युद्ध में शामिल हुए हैं। यहां तक कि प्रदेश कांग्रेस ने भी जुलाई 2016 में ही खाता खोला है।

भाजपा में रवि, कांग्रेस में रम्या अव्वल
विपक्ष की ओर से 24 हजार से अधिक ट्वीट के साथ सबसे सक्रिय जान पड़ते हैं प्रदेश महासचिव सीटी रवि। वहीं कांग्रेस की सोशल मीडिया टीम की राष्ट्रीय प्रमुख रम्या 21.1 हजार ट्वीट करके इस होड़ में आगे हैं। भाजपा से प्रताप सिम्हा 18 हजार 600 ट्वीट करके इस कतार में खुद को आगे बनाए हुए हैं। फॉलोअर्स की संख्या के लिहाज से केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार 3.5 लाख के साथ अव्वल हैं। उनके बाद सदानंद गौड़ा 2.99 लाख फॉलोअर्स रखते हैं। येड्डियूरप्पा के 2.62 लाख और प्रदेश महासचिव शोभा करंदलाजे के 1.2 लाख फॉलोअर्स हैं।

जद (ध) ने भी खोला खाता
जनता दल (ध) के प्रदेशाध्यक्ष एचडी कुमारस्वामी बेशक 2014 से ट्विटर पर हैं, लेकिन अब तक उनके मात्र 92 ट्वीट इस प्लेटफार्म पर उनके भावों को स्पष्ट करते हैं। इतना ही नहीं उनकी पार्टी ने भी इसी साल जनवरी में खाता खोला है, जिसके फॉलोअर्स की संख्या (687) उसके ट्वीट की संख्या (912) से भी कम है।

----------------------------------

ज्यादा सक्रिय नेता
कांग्रेस : सिद्धरामय्या, रम्या, दिनेश गुंडूराव, प्रियांक खरगे, रामालिंगा रेड्डी, के.जे. जार्ज,तनवीर सेत, कृष्णा बैरेगौड़ा, एमबी पाटिल, एचएम रेवण्णा

----
भाजपा : बीएस येड्डियूरप्पा, शोभा करंदलाजे, सीटी रवि, प्रताप सिम्हा, अरविंद लिंबावली, आर अशोक,अनंत हेगड़े, गोविंद कारजोल, पीसी मोहन, जगदीश शेट्टर

ये भी पढ़ें

मंदा है प्रचार सामग्री का व्यापार
Published on:
12 Apr 2018 05:57 pm
Also Read
View All