
कलबुर्गी. जेवर्गी तहसील के नियोगी गांव में श्रीराम सेना के कार्यकर्ता एक कार्यकर्ता की गला घोटकर हत्या कर दी गई है। रविवार को एक खेत में अज्ञात शव को देखकर खेत के मालिक ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की तो पता चला कि यह शव श्रीराम सेना के कार्यकर्ता शरण का है।
शरण के अभिभावकों ने तीन दिन पहले उसके गुमशुदा होने की शिकायत दर्ज की थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के उपरांत परिजनों को सौंप दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक शरण की गला घोटकर हत्या की गई है। मामले की जांच की जा रही है।
प्रमोद मुतालिक ने की हत्या कांड की निंदा
उधर, श्रीराम सेना के अध्यक्ष प्रमोद मुतालिक ने रविवार को चिक्कमगलूरु में इस हत्या की कड्ी निंदा करते हुए कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व में सोची समझी रणनीति के तहत हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस हत्याकांड की उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए।
युवती ने घर में फांसी लगा कर जान दी
चेनम्मा केरे अच्चुकट्टू थानांतर्गत शनिवार रात एक युवती ने पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। रविवार को सुबह होने पर यह मामला उजागर हुआ। मृतका स्वाति (20) के पिता महेश से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। शव पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। बताया जाता है कि युवती ने परिवार में पैसे की तंगी से आत्महत्या की है। पुलिस जांच कर रही है।
गांजा बेचते 3 लोग गिरफ्तार
अपराध जांच शाखा पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में गांजा बेचते 3 लोगों को गिरफ्तार कर 3 किलो 200 ग्राम गांजा बदामद किया है। पुलिस के मुताबिक हेगड़े नगर के मोहमद अली (29) तथा होसकोटे निवासी सैयद जाफर (21) को गिरफ्तार कर उनके पास से 1 किलो 500 ग्राम गांजा तथा 2 हजार की नकदी बरामद की गई है। उधर, हेब्बाल थानांतर्गत भुवनेश्वरी नगर में गांजा बेचने वाले बाबू रेड्डी लेआउट निवासी मुनव्वर पाशा (42) को गिरफ्तार कर 1700 ग्राम गांजा, मोबाइल तथा नकदी बरामद की गई।