बैंगलोर

SIR के बाद कर्नाटक की मसौदा मतदाता सूची जारी, 1.08 करोड़ नाम हटे, 43 लाख से अधिक को मिलेगा नोटिस

Karnataka Voter List: कर्नाटक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद 1.08 करोड़ नाम हटाए गए हैं। मसौदा सूची में अब 4.46 करोड़ से अधिक मतदाता हैं और 43 लाख से ज्यादा लोगों को नोटिस जारी किए जाएंगे।
3 min read
Aug 24, 2026
Karnataka Voter List
वोटर लिस्ट। फाइल फोटो- पत्रिका

बेंगलूरु। राज्य में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) प्रक्रिया के बाद करीब 1.08 करोड़ मतदाताओं के नाम कट गए हैं। राज्य में अब 4.46 करोड़ से अधिक मतदाता हैं। विसंगतियों के कारण 43 लाख से अधिक मतदाताओं को आयोग नोटिस जारी करेगा। चुनाव आयोग ने करीब डेढ़ महीने तक चले एसआइआर के बाद सोमवार को मसौदा मतदाता सूची जारी कर दी। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीइओ) वी. अंबु कुमार ने बताया कि नई मसौदा मतदाता सूची में 4,46,35,975 सामान्य मतदाता शामिल हैं। सर्विस मतदाताओं को जोड़ने पर राज्य में कुल मतदाताओं की संख्या 4,46,80,151 हो जाती है।

पहले कुल 5,54,32,314 मतदाता

सीइओ कार्यालय के अनुसार एसआइआर से पहले 16 जून तक राज्य में कुल 5,54,32,314 मतदाता थे। एसआइआर के दौरान घर-घर जाकर सत्यापन किया गया। सत्यापन के बाद 1,07,96,339 मतदाताओं को अनुपस्थित, स्थाई रूप से स्थानांतरित, मृत, डुप्लीकेट और अन्य (एएसडीडीओ) श्रेणियों में रखा गया है। यह संख्या कुल पुराने मतदाताओं की करीब 19.48 प्रतिशत है। एएसडीडीओ सूची में 15,17,042 मतदाता अनुपस्थित पाए गए, जबकि 65,45,679 मतदाता स्थाई रूप से दूसरी जगह चले गए। इसके अलावा 16,39,864 मतदाताओं की मृत्यु हो चुकी है। 7,09,870 नाम पहले से पंजीकृत या डुप्लीकेट पाए गए और 3,83,884 मतदाता अन्य श्रेणी में हैं।

बेंगलूरु शहर में 46.82 लाख नाम एएसडीडीओ सूची में

बेंगलूरु शहरी जिले में कुल 1,03,88,363 मतदाता हैं। इनमें से 46,82,703 मतदाताओं को एएसडीडीओ श्रेणी में रखा गया है। नोटिस जारी किए जाने वाले मतदाताओं की संख्या के मामले में भी बेंगलूरु के कई क्षेत्र आगे हैं। मसौदा मतदाता सूची में 2,21,59,240 पुरुष और 2,24,73,864 महिला मतदाता हैं। 2,871 मतदाता अन्य श्रेणी में हैं। 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 3,70,341 मतदाता हैं। राज्य में 85 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं की संख्या करीब 3,92,302 है। दिव्यांग मतदाताओं की संख्या 5,55,691 है। एनआरआई मतदाताओं की संख्या 951 है, जबकि सर्विस वोटरों की संख्या करीब 44 हजार है।

43.81 लाख मतदाताओं को नोटिस

अंबु कुमार ने बताया कि करीब 20.35 लाख मतदाताओं के नाम में किसी न किसी तरह की गड़बड़ी है, जबकि 23.45 लाख मतदाताओं ने मैपिंग से संबंधित कोई जानकारी नहीं दी है। इन दोनों श्रेणियों को मिलाकर करीब 43.81 लाख मतदाताओं को नोटिस जारी किए जाएंगे। नोटिस जारी करने की प्रक्रिया सोमवार से शुरू कर दी गई है और इसे 22 अक्टूबर तक पूरा करना है। इसके लिए अधिकारियों को करीब 58 दिन का समय दिया गया है। कर्नाटक में फिलहाल करीब 224 निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) और 332 सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (एइआरओ) हैं।

2.46 करोड़ मतदाताओं ने की प्रोजेनी मैपिंग

सीइओ के अनुसार 1,75,92,567 मतदाताओं ने सेल्फ-मैपिंग पूरी कर ली है, जो करीब 39.42 प्रतिशत है। वहीं 2,46,92,908 मतदाताओं ने प्रोजेनी मैपिंग पूरी की है, जो करीब 55.32 प्रतिशत है। करीब 23,45,500 मतदाताओं ने मैपिंग से संबंधित कोई जानकारी नहीं दी है। चुनाव आयोग के निर्देश के अनुसार किसी भी मतदान केंद्र पर 1,200 से अधिक मतदाता नहीं होने चाहिए। इसी के तहत राज्य में करीब 1,873 नए मतदान केंद्र जोड़े गए हैं। इसके बाद कर्नाटक में मतदान केंद्रों की कुल संख्या 59,050 से बढ़कर 60,923 हो गई है।

14.67 लाख आवेदन मिले

अंबु कुमार ने बताया कि अब तक चुनाव विभाग को फॉर्म-6 के 4,73,354 आवेदन मिले हैं। फॉर्म-6ए के 3,880, फॉर्म-7 के करीब 67,000 और फॉर्म-8 के करीब 9,23,000 आवेदन प्राप्त हुए हैं। कुल मिलाकर करीब 14,67,920 आवेदन मिले हैं। उन्होंने मतदाताओं से कहा कि यदि मसौदा मतदाता सूची में उनका नाम मौजूद है, लेकिन नाम, जन्मतिथि, पता या अन्य विवरण में सुधार की जरूरत है, तो वे दावे और आपत्तियों की अवधि के दौरान फॉर्म-8 जमा कर सकते हैं। मसौदा मतदाता सूची के संबंध में दावे और आपत्तियां दाखिल करने की अवधि 24 अगस्त से 23 सितंबर तक रहेगी। नोटिस जारी करने और दावों-आपत्तियों के निपटारे की प्रक्रिया 24 अगस्त से 22 अक्टूबर तक चलेगी। अंबु कुमार ने कहा कि सभी दावों और आपत्तियों के निपटारे के बाद अंतिम मतदाता सूची 27 अक्टूबर को प्रकाशित की जाएगी।

Updated on:
24 Aug 2026 08:45 pm
Published on:
24 Aug 2026 08:37 pm