
बेंगलूरु. कोयला आपूर्ति नहीं होने के कारण राज्य के ताप विद्युत संयंत्रों में उत्पादन ठप होने के कारा उपजी स्थिति से निपटने के लिए राज्य सरकार अब विदेशों से कोयला खरीदेगी। ऊर्जा मंत्री डी के शिवकुमार ने शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री केंगल हनुमंतय्या की पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में शुक्रवार को विधानसौधा परिसर में आयोजित श्रद्धांजलि समारोह के उपरांत पत्रकारों से बातचीत में यह बात कही। उन्होंने कहा कि राज्य में 24 घंटे निर्बाध बिजली की आपूर्ति करने की राह में कोयले की अनुपलब्धता बड़ी बाधा बन गई है लेकिन राज्य में बिजली की कटौती लागू नहीं की जाएगी।
उपलब्ध स्रोतों से बिजली और कोयले की खरीदी के प्रयास किए जा रहे हैं। शिवकुमार ने आरोप लगाया कि केन्द्र सरकार पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र से कोयले की खरीद की अनुमति नहीं दे रहा है, जिसकी वजह से राज्य में निर्बाध बिजली की आपूर्ति करने में बड़ी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।
महाराष्ट्र से कोयले की खरीद के प्रयास करने पर केन्द्र सरकार का नोटिस मिलना आघातकारी है, जबकि हमारे ये प्रयास राष्ट्रहित में हैं। उन्होंने इस मसले की राजनीतिकरण करने से इनकार करते हुए कहा कि उद्योगपति गौतम अडाणी के स्वामित्व वाली यूपीसीएल कंपनी से भी बिजली खरीदने के प्रयास किए जा रहे हैं।
शिवकुमार ने कहा कि वे दिल्ली में 6 से 8 दिसम्बर के बीच होने वाली ऊर्जा मंत्रियों की बैठक में कोयले के अभाव के मसले को उठाएंगे। केन्द्र सरकार के कम दाम पर राज्य को बिजली की आपूर्ति करने के लिए तैयार होने के बारे में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के बयान पर उन्होंने कहा कि येड्डियूरप्पा यदि हमें अलग से कॉरिडोर दिलाकर 2.50 रुपए प्रति यूनिट के दाम से बिजली दिलाते हैं वे इसका स्वागत करेंगे।
येड्डि के खिलाफ मानहानि का दावा करेंगे पाटिल
जल संसाधन मंत्री एमबी पाटिल ने कहा कि येड्डियूरप्पा ने उनको सिद्धरामय्या के नेतृत्व वाली सत्तारूढ़ कांग्रेस सरकार में कमीशन एजेंट कहकर पुकारा है,लिहाजा वे उनके खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर करेंगे।
उन्होंने शुक्रवार को विजयपुर में कहा कि वे कानून विशेषज्ञों के साथ परामर्श कर रहे हैं और वे येड्डियूरप्पा द्वारा की गई टिप्पणियों के संबंध में उनको वकील के जरिए नोटिस भेजेंगे। येड्डियूरप्पा ने परिवर्तन यात्रा के दौरान कथित तौर पर पाटिल को सिद्धरामय्या सरकार में एक संसाधन जुटाने वाले व कमीशन एजेंटे के तौर पर संबोधित किया था। पाटिल ने कहा कि 4 दिसम्बर को जब मुख्यमंत्री यहां एक जनसभा को संबोधित करेंगे तो येड्डियूरप्पा के आरोपों का सटीक जवाब दिया जाएगा।