लंबी जद्दोजहद के बाद मंत्रियों को विभागों का बंटवारा राज्य के इतिहास में पहली बार होंगे तीन उप मुख्यमंत्री
बेंगलूरु. राज्य सरकार के मंत्रियों को लंबी जद्दोजहद के बाद विभागों का आवंटन कर दिया गया है। मुख्यमंत्री बीएस येडियूरप्पा ने शपथ लेने के एक माह बाद सोमवार को यहां नए मंत्रियों को विभाग आवंटित किए। सरकार में तीन उपमुख्यमंत्री होंगे। राज्य के इतिहास में यह पहला मौका है, जब तीन-तीन उप मुख्यमंत्री बनाए गए हैं।
कारजोल, अश्वथनारायण व सवदी होंगे उप मुख्यमंत्री
राजभवन की ओर से सोमवार शाम जारी अधिसूचना के मुताबिक अनुसूचित जाति के मंत्री गोविंद कारजोल, डा. अश्वथनारायण और लक्ष्मण सवदी को उप मुख्यमंत्री बनाया गया है। गोविंद कारजोल को साथ ही लोक निर्माण विभाग व समाज कल्याण विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। वोक्कालिगा समुदाय से तालुक रखने वाले डा. अश्वथनारायण को उपमुख्यमंत्री पद के साथ ही उच्च शिक्षा विभाग, आईटी-बीटी, विज्ञान व प्रौद्योगिकी विभागों की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है।
लक्ष्मण सवदी को को परिवहन विभाग दिया गया है। सवदी को उप मुख्यमंत्री बनाने का फैसला चकित कर देने वाला है। सवदी बेलगावी जिले की अथणी सीट से पिछला विधानसभा चुनाव हार गए थे। उन्हें बाद में प्रदेश किसान मोर्चा का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। वे विधानसभा या विधान परिषद के सदस्य भी नहीं हैं। सवदी पिछली भाजपा सरकार के उन तीन मंत्रियों में एक हैं, जो विधानसभा में सदन के अंदर मोबाइल पर अश्लील विडियो देखते कैमरे की नजर में पकड़े गए थे।इसी वजह से सवदी, सीसी पाटिल और कृष्णा पालेमार को मंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था।