
सीएम डीके शिवकुमार(फोटो-IANS)
Karnataka Milk Price: कर्नाटक में दूध खरीदने वाले उपभोक्ताओं को अब अपनी जेब ज्यादा ढीली करनी होगी। राज्य मंत्रिमंडल ने नंदिनी दूध की कीमतों में 8 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी करने का फैसला किया है। नई दरें 1 नवंबर 2026 से लागू होंगी। इसके बाद नीले पैकेट वाले टोंड दूध की कीमत 46 रुपये से बढ़कर 54 रुपये प्रति लीटर हो जाएगी। इस फैसले के बाद राज्य के सीएम डीके शिवकुमार का बयान भी सामने आ गया है। उन्होंने इसपर सफाई दी है। सीएम ने कहा कि पड़ोसी राज्यों में दूध की कीमतें और ज्यादा हैं।
दूध की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा कि मंत्रिमंडल ने कीमत 8 रुपये प्रति लीटर बढ़ाने का फैसला किया है। उन्होंने बताया कि दूध की कीमत में 12 रुपये की बढ़ोतरी का प्रस्ताव दिया गया था, लेकिन सरकार ने 8 रुपये बढ़ाने का निर्णय लिया। शिवकुमार ने यह भी कहा कि पड़ोसी राज्यों में दूध की कीमतें इससे भी ज्यादा हैं।
मंत्री कृष्णा बायरे गौड़ा के मुताबिक, कीमत में हुई बढ़ोतरी में से 7 रुपये दूध उत्पादक किसानों को दिए जाएंगे, जबकि 1 रुपया सहकारी समितियों को मिलेगा। सरकार का यह फैसला ऐसे समय आया है, जब कम बारिश के कारण किसानों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। गौड़ा ने बताया कि विधान परिषद में सभी दलों के सदस्यों ने किसानों की मदद के लिए कदम उठाने की मांग की थी। दूध उत्पादकों ने भी अपनी मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था। सहकारी समितियां भी दूध की कीमतें बढ़ाने के पक्ष में थीं।
कर्नाटक की सहकारी दुग्ध उत्पादक यूनियनों ने पिछले महीने राज्य सरकार से नंदिनी दूध की खरीद और खुदरा कीमतों में 8 से 10 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी करने की मांग की थी। यूनियनों ने इसके पीछे उत्पादन लागत और दूसरे खर्चों में बढ़ोतरी का हवाला दिया था। इस मांग को लेकर दुग्ध यूनियनों के एक प्रतिनिधिमंडल ने 22 सितंबर को विधान सौध में मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार से मुलाकात की थी। अब मंत्रिमंडल ने 8 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी को मंजूरी दी है, जो 1 नवंबर से लागू होगी।
Updated on:
29 Oct 2026, 7:59 PM IST
Published on:
29 Oct 2026, 7:48 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.