
तमिलनाडु के पुलिस अफसर। (फोटो- Patrika)
तमिलनाडु में जेलों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठ रहे सवालों के बीच राज्य सरकार ने जेल एवं सुधार सेवा विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है।
तेनी जिले की तेक्कमपट्टी उप-जेल से 17 विचाराधीन कैदियों के फरार होने की घटना के कुछ दिन बाद जेल महानिदेशक संदीप राय राठौड़ का तबादला कर दिया गया है। उन्हें चेन्नई में तांजेडको का मुख्य सतर्कता अधिकारी ((विजिलेंस) नियुक्त किया गया है।
गृह विभाग की ओर से 29 अक्टूबर को जारी आदेश के मुताबिक, प्रवर्तन ब्यूरो सीआईडी में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक के पद पर तैनात के. शंकर को पदोन्नत कर जेल एवं सुधार सेवा विभाग का महानिदेशक बनाया गया है। वह संदीप राय राठौड़ की जगह जिम्मेदारी संभालेंगे।
के. शंकर इससे पहले भी जेल एवं सुधार सेवा विभाग की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। उन्होंने 2 जनवरी को इस पद का कार्यभार ग्रहण किया था। हालांकि, 3 जून को उनका तबादला प्रवर्तन ब्यूरो सीआईडी में कर दिया गया था। इसके बाद संदीप राय राठौड़ को जेल विभाग का प्रमुख नियुक्त किया गया था। अब सरकार ने एक बार फिर शंकर को इस विभाग की जिम्मेदारी सौंप दी है।
जेलों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल केवल तेनी की घटना के बाद नहीं उठे हैं। इससे पहले 20 और 21 अक्टूबर को चेन्नई की पूझल केंद्रीय जेल से कैदियों के फरार होने की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आई थीं।
एक मामले में विचाराधीन कैदी बिजली के तारों की मदद से 23 फीट ऊंची दीवार पार कर भाग गया था। वहीं, पॉक्सो मामले में सजा काट रहा एक कैदी जेल परिसर में संचालित बाजार में काम करने के दौरान फरार हो गया था। बाद में दोनों को पकड़ लिया गया। इन घटनाओं के बाद सात जेल कर्मचारियों को निलंबित किया गया था।
26 अक्टूबर को तेनी जिले की तेक्कमपट्टी उप-जेल से 17 विचाराधीन कैदियों के फरार होने की घटना ने जेल प्रशासन की मुश्किलें बढ़ा दीं। आरोप है कि कैदियों ने अपने एक साथी को मिर्गी का दौरा पड़ने का नाटक करने के लिए कहा। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों का ध्यान भटकाकर फरार होने की योजना को अंजाम दिया गया।
घटना के बाद जेल प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए नौ कर्मचारियों को निलंबित कर दिया था। फरार कैदियों को पकड़ने के लिए अभियान चलाया गया, जिसमें सभी 17 कैदियों को दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया।
इस दौरान एक ग्रेड-2 पुलिस कांस्टेबल समेत तीन सुरक्षाकर्मी घायल हो गए थे। सिर में चोट लगने के कारण कांस्टेबल को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था।
जेल विभाग में बदलाव के साथ तमिलनाडु सरकार ने अन्य पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारियों में भी फेरबदल किया है। डीजीपी रैंक के अधिकारी संजय माथुर को राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो में भेजा गया है।
यहां तैनात आईजी सोनल चंद्रा का तबादला डीजीपी मुख्यालय कर दिया गया है। इसके अलावा, पल्लीकरणै के डीसीपी बी. रघुपति को करूर का एसपी बनाया गया है। वह डी. एन. हरिकिरण प्रसाद की जगह लेंगे।
आर्थिक अपराध शाखा के नॉर्थ जोन में एसपी के पद पर तैनात डॉ. आर. स्टालिन का तबादला तेनकाशी कर दिया गया है। वह एस. अशोक कुमार की जगह जिम्मेदारी संभालेंगे। अशोक कुमार को मदुरै एटीएस का एसपी नियुक्त किया गया है।
लगातार सामने आई फरारी की घटनाओं के बाद जेल प्रशासन में हुए इन बदलावों को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में उठाए गए कदम के तौर पर देखा जा रहा है।
Updated on:
29 Oct 2026, 7:42 PM IST
Published on:
29 Oct 2026, 7:42 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.