
सुशांत सिंह राजपूत और दिशा सालियान। फाइल फोटो- पत्रिका
Aaditya Thackeray: ठाणे में प्रदीप पूर्णेकर हत्याकांड को लेकर शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) और एकनाथ शिंदे की शिवसेना के बीच टकराव बढ़ गया है। आदित्य ठाकरे ने इस मामले में मीनाक्षी शिंदे की गिरफ्तारी की मांग की तो सांसद नरेश म्हस्के ने पलटवार करते हुए सुशांत सिंह राजपूत की एक्स मैनेजर दिशा सालियान मामले में आदित्य ठाकरे की गिरफ्तारी की मांग उठाने की बात कही। म्हस्के ने कहा कि वह इस संबंध में सीबीआई से मांग करेंगे और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात करेंगे।
प्रदीप पूर्णेकर की हत्या को एक महीना पूरा होने पर आदित्य ठाकरे ने ठाणे के पुलिस आयुक्त से मुलाकात की। उन्होंने जांच में देरी पर सवाल उठाए और आरोप लगाया कि एकनाथ शिंदे मीनाक्षी शिंदे को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। आदित्य ठाकरे ने मामले में जल्द कार्रवाई की मांग की। इससे पहले उन्होंने पूर्णेकर परिवार से भी मुलाकात की थी। इस बीच शिवसेना के कार्यकर्ता आनंद आश्रम में जुटे। आदित्य ठाकरे के आरोपों पर जवाब देते हुए नरेश म्हस्के ने कहा कि आदित्य ठाकरे को एकनाथ शिंदे पर आरोप लगाने का अधिकार नहीं है।
उन्होंने दावा किया कि दिशा सालियान के पिता ने आदित्य ठाकरे पर आरोप लगाए हैं। म्हस्के ने सुशांत सिंह राजपूत मामले और मनसुख हिरेन मामले का भी जिक्र किया। नरेश म्हस्के ने कहा कि आदित्य ठाकरे की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शिवसेना मुंबई में मार्च निकालेगी। उन्होंने कहा कि वह सीबीआई से इस मामले में कार्रवाई की मांग करेंगे और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर यह मुद्दा उठाएंगे।
प्रदीप पूर्णेकर हत्याकांड में लगातार आरोपों का सामना कर रहीं मीनाक्षी शिंदे ने शिवसेना की महिला आघाड़ी प्रमुख के पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपने पत्र में कहा कि पार्टी नेतृत्व की छवि खराब न हो, इसलिए उन्होंने यह फैसला लिया है। मीनाक्षी शिंदे ने यह भी आरोप लगाया कि जिन मामलों से उनका कोई संबंध नहीं है, उनमें उनका नाम जोड़कर पार्टी नेतृत्व पर दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है। उनके इस्तीफे के बाद ठाणे की राजनीति में इस मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है। वहीं, पूर्णेकर हत्याकांड की जांच और गिरफ्तारी की मांग को लेकर दोनों शिवसेनाओं के बीच बयानबाजी जारी है।
Updated on:
29 Oct 2026, 7:40 PM IST
Published on:
29 Oct 2026, 7:40 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.