बांसवाड़ा

बांसवाड़ा : गैंगरेप के बाद किशोरी की हत्या का आरोप, एफएसएल जांच के बाद ही स्पष्ट होगा मामला

Rape Case In Rajasthan, Banswara Crime News : मृतका के गांव में शांति, अब केस का भविष्य एफएसएल जांच पर निर्भर, माहौल गमगीन होने से बयान तक नहीं ले पाई पुलिस

2 min read
बांसवाड़ा : गैंगरेप के बाद किशोरी की हत्या का आरोप, एफएसएल जांच के बाद ही स्पष्ट होगा मामला

बांसवाड़ा. जिले के एक थाना क्षेत्र में दो दिन पहले सामने आए किशोरी का अपहरण कर गेंगरेप और हत्या के मामले के बाद शनिवार को उसके गांव में शांति रही। इस बीच, गांव का माहौल गमगीन बना रहने से पुलिस तहकीकात आगे बढ़ा नहीं पाई, लेकिन पूरा मामला अब एफएसएल जांच पर निर्भर बताया गया। पुलिस अधीक्षक कावेंद्रसिंह सागर ने बताया कि मामले में शनिवार को जांच आगे बढ़ाने के प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस के प्रयास जारी है। प्रकरण में जल्द ही सचाई सामने लाई जाएगी। इधर, अनुसंधान अधिकारी डीएसपी कमल जांगिड ने बताया कि अग्रिम जांच के लिए पुलिस दल मृतका के गांव गया, लेकिन माहौल गमगीन होने से परिजनों के बयान भी नहीं लिए जा सके। इससे पहले शुक्रवार को पोस्टमार्टम करवा कर मृतका के शरीर से सेंपल प्रिजर्व कर एफएसएल जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया की गई। उसके नतीजे पर ही पूरा केस निर्भर है। इसमें अभी 15 दिन लगने की संभावना है। डीएसपी जांगिड ने स्पष्ट किया कि पीएचसी और फिर बांसवाड़ा एमजी अस्पताल के कार्मिकों के बयानों से इस बात की पुष्टि हो चुकी है कि किशोरी की मौत जहर से हुई। अब बात बलात्कार और जहर खाने या खिलाने से मौत की है, तो यह फोरेंसिंक लैब की रिपोर्ट और जांच का विषय है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मामले में पुलिस 15-20 दिनों में नतीजे पर पहुंच जाएगी।

गौरतलब है कि 29 सितंबर की रात किशोरी को विषाक्त सेवन पर पीएचसी और फिर वहां से रैफर करने पर बांसवाड़ा एमजी अस्पताल लाया गया। यहां 30 सितंबर की रात इलाज के दौरान मौत पर दूसरे दिन मृतका की मां ने किशोरी को अस्पताल ले जाने वाले नाबालिग और उसके परिजनों पर अपहरण कर सामूहिक बलात्कार और हत्या का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दी। मृतका के पिता आने पर शुक्रवार को मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया। उधर, आरोपी नाबालिग और उसके परिजन को पुलिस ने डिटेन कर पूछताछ की। इसमें आरोपी नाबालिग के प्रेम संबंध और उसकी सगाई अन्यत्र होने पर क्षुब्ध होकर किशोरी के कीटनाशी पीने की बात सामने आई।

Published on:
04 Oct 2020 04:21 pm
Also Read
View All