7 सितंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Banswara Election : बांसवाड़ा में आज शाम थम जाएगा चुनाव प्रचार, संवेदनशील केन्द्रों पर होगा पुलिस का सख्त फहरा

Banswara Nagar Nikay Election : बांसवाड़ा नगर निकाय चुनाव प्रचार-प्रसार सोमवार शाम ठीक 6 बजे थम जाएगा। बांसवाड़ा नगर निकाय के 60 वार्डों के लिए मतदान 9 सितंबर को होगा।
2 min read
Google source verification
banswara nagar nikay election campaigning end today evening Voting 9 Sept

Banswara Election : बांसवाड़ा। देररात शहर में फ्लैग मार्च निकालते एएसपी, डीएसपी सहित पुलिस के जवान। फोटो पत्रिका

Banswara Nagar Nikay Election : बांसवाड़ा नगर निकाय चुनाव की आचार संहिता लगने के पूर्व से ही गली-मोहल्लों में शुरू हुआ चुनावी प्रचार-प्रसार मतदान के लिए तय समय 48 घंटे पूर्व सोमवार शाम ठीक 6 बजे थम जाएगा। बांसवाड़ा नगर निकाय के 60 वार्डों के लिए मतदान 9 सितंबर और कुशलगढ़ व परतापुर-गढ़ी के वार्डों के लिए मतदान द्वितीय चरण में 11 सितंबर को होगा। वहीं, तीनों निकायों की मतगणना 14 सितंबर को होगी। मतदान को लेकर निर्वाचन कार्यालय ने पुख्ता प्रबंध किए हैं और हर मतदान बूथ पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनातगी की है। खासकर संवेदनशील केन्द्रों पर अतिरिक्त सशस्त्र पुलिस दल तैनात करने के साथ ही सीसीटीवी कैमरों से भी सतत निगरानी की व्यवस्था की है।

6 बजे बाद साउंड सिस्टम बंद

आचार संहिता के प्रावधानों के मुताबिक सोमवार शाम छह बजे बाद कोई भी प्रत्याशी साउण्ड सिस्टम के साथ रैलियां, सभाएं, रोड-शो आदि नहीं कर सकेंगे। हालांकि, वह व्यक्ति जनसंपर्क एवं डोर-टू-डोर प्रचार-प्रसार कर सकेंगे।

प्रत्याशी दिखा रहे दमखम

मतदान में तीन दिन शेष रहते प्रत्याशी अपने-अपने वार्डों में अधिक से अधिक मतदाताओं तक पहुंचने की कोशिश में जुटे नजर आए। प्रत्याशियों ने अपने-अपने समर्थकों के साथ जनसंपर्क और वार्डों में सभाएं कर विकास के दावे किए। रविवार को अवकाश होने के चलते चुनावी कार्यालयों में भी रेलमपेल नजर आई।

फैक्ट-फाइल

बांसवाड़ा : 60 वार्ड
महिला मतदाता : 46,933
पुरुष मतदाता : 47,182
कुल मतदाता : 94,121
मतदान बूथ : 99
संवदेनशील बूथ : ठीकरिया अतिसंवेदनशील बूथ : लोधा
मतदान : 9 सितंबर 2026
मतदान समय : सुबह 7 से शाम 6 बजे तक
मतगणना : 14 सितंबर 2026

चुनाव 2026 : बांसवाड़ा के लिए कल, परतापुर-गढ़ी व कुशलगढ़ के लिए 10 को रवाना होंगे दल

बांसवाड़ा नगर निकाय आम चुनाव-2026 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां जारी हैं। बांसवाड़ा में नगर निकाय के 60 वार्डों में मतदान के लिए मतदान टोलियां मंगलवार सुबह 9 बजे हरिदेव जोशी रंगमंच से रवाना होगी। वहीं, परतापुर-गढ़ी व कुशलगढ के लिए टोलियां 10 को रवाना होंगी। रवानगी से पहले मतदान दलों को हरिदेव जोशी रंगमंच हॉल में अंतिम प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद ही चुनाव सामग्री बांटी जाएगी। इसके लिए 8 काउंटर बनाए जा रहे हैं। मतदान दल आवंटित वार्ड और बूथ संख्या के आधार पर संबंधित काउंटर से चुनाव सामग्री प्राप्त करेंगे।

मतदान के बाद जमा होगी सामग्री

बांसवाड़ा नगर परिषद के मतदान दल मतदान समाप्ति के बाद चुनाव सामग्री जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय में जमा कराएंगे। परतापुर-गढ़ी के मतदान कार्मिक राउमावि परतापुर में जमा करेंगे। वहीं, कुशलगढ़ की सामग्री तहसील कार्यालय परिसर में जमा होगी।