Murder In Rajasthan, Banswara Crime News : रिपोर्ट पर अज्ञात के खिलाफ केस, शव सडऩे से छींच से शव लाकर शाम को ही करवाया पोस्टमार्टम
बांसवाड़ा. जिले के कलिंजरा क्षेत्र में दो दिन से लापता एक युवक का शव शनिवार दोपहर संदिग्ध परिस्थितियों में छींच के पास माइनर के सामने नाली में मिला। शव सडऩे से बदबू मार रहा था, वहीं मृतक के सिर पर चोट के निशान मिलने से हत्या का संदेह उपजा। मामले में मृतक के भाई की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर पोस्टमार्टम करवा शव सौंपा। सीआई देवीलाल ने बताया कि मामले की रिपोर्ट मृतक के भाई हुका पुत्र लाबा रावत ने दी। उसने बताया कि उसका छोटा भाई पारस (27) और गणेश साथ में रहते हैं। पारस पेशे से चालक है और स्थायी वाहन पास नहीं होने से एवज में जरूरत पर ट्रक चलाता है। 25 जून की शाम से वह घर नहीं लौटा। अमूमन गाड़ी के साथ जाने पर दो-तीन दिन वापसी नहीं करने के मद्देनजर किसी ने गौर नहीं किया।
इसी बीच, शनिवार को छींच के पास शव मिलने की इत्तला हमीरपुरा बड़ा सरपंच राकेश रावत के जरिए मिली। इस पर वो ग्रामीणों के साथ पहुंचा तो मौके पर पारस का शव मिला। पारस के सिर और बदन पर चोटों और घाव के निशान दिखे। हुका ने अज्ञात लोगों द्वारा धारदार हथियार से पारस की हत्या कर शव घसीटकर यहां फेंके जाने की आशंका जताई। इस पर मौका कार्रवाई कर पुलिस ने शव बांसवाड़ा भिजवाया। शव सडऩे से बदबू मार रहा होने से शाम को ही पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपा गया। सीआई ने बताया कि मौके पर शव घसीटकर नाली तक लाने के निशान पाए गए, वहीं मृतक के सिर में चोट थी। तलाश करने पर कवर मिला, लेकिन मृतक का मोबाइल नहीं मिला। इससे हत्या का संदेह होने के मद्देनजर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।