बांसवाड़ा

Dungarpur News: कॉलेज की राजनीति से जिला प्रमुख की कुर्सी तक पहुंचे अनुतोष रोत

कॉलेज की छात्र राजनीति से शुरू हुआ सफर अब जिला परिषद के सबसे बड़े राजनीतिक पद जिला प्रमुख तक पहुंच गया है। अनुतोष रोत ने करीब 28 साल के राजनीतिक सफर में कार्यकर्ता, चुनाव प्रभारी, छात्रनेता, सामाजिक आंदोलनकारी और संगठन के जिलाध्यक्ष के रूप में अलग-अलग भूमिकाएं निभाईं
2 min read
• •
Updated: 27 Nov 2026, 4:56 PM IST
कॉलेज की राजनीति से जिला प्रमुख की कुर्सी तक पहुंचे अनुतोष रोत
कॉलेज की राजनीति से जिला प्रमुख की कुर्सी तक पहुंचे अनुतोष रोत

डूंगरपुर। कॉलेज की छात्र राजनीति से शुरू हुआ सफर अब जिला परिषद के सबसे बड़े राजनीतिक पद जिला प्रमुख तक पहुंच गया है। अनुतोष रोत ने करीब 28 साल के राजनीतिक सफर में कार्यकर्ता, चुनाव प्रभारी, छात्रनेता, सामाजिक आंदोलनकारी और संगठन के जिलाध्यक्ष के रूप में अलग-अलग भूमिकाएं निभाईं। उनका राजनीतिक सफर जिले की राजनीति में चर्चा का विषय है।

आदिवासी एकता परिषद से हुई शुरुआत

रोत ने वर्ष 1998 में स्कूली शिक्षा के दरम्यान आदिवासी एकता परिषद से जुडे थे। इसके बाद वर्ष 2003 में एनयूसीआई से जुड़कर छात्र राजनीति में सक्रिय हुए। छात्रसंघ राजनीति में करीब तीन साल सक्रिय होने के बाद उन्होंने वर्ष 2005 में डूंगरपुर पंचायत समिति की हिराता सीट से चुनाव लड़कर जीत दर्ज की।

छात्र राजनीति से चुनावी रणनीति तक बनाई पहचान

अनुतोष रोत वर्ष 2013 में वर्तमान सांसद राजकुमार रोत को एनयूसीआई से छात्रसंघ चुनाव का टिकट दिलाकर मैदान में उतारा और उन्हें अध्यक्ष बनवाने में भूमिका निभाई। इसके बाद वर्ष 2015 में उनके नेतृत्व में एसबीपी कॉलेज, गर्ल्स कॉलेज और सागवाड़ा में छात्रसंघ के बोर्ड बनाए गए। वर्ष 2016 में भील प्रदेश विद्यार्थी मोर्चा के माध्यम से आसपुर विधायक उमेश मीणा को कॉलेज अध्यक्ष बनाया। छात्र राजनीति के इन अनुभवों ने उन्हें संगठन खड़ा करने और चुनावी समीकरणों को समझने का अवसर दिया। इसके बाद उन्होंने छात्र राजनीति से आगे बढ़कर आदिवासी क्षेत्र की राजनीति में अपनी सक्रियता बढ़ाई।

बीएपी के जिलाध्यक्ष रहते हुए चुनावों में निभाई अहम भूमिका

वर्ष 2016 में अनुतोष रोत ने एनयूसीआई छोड़कर भील प्रदेश विद्यार्थी मोर्चा का दामन थामा। वर्ष 2018 में आदिवासी परिवार से जुड़ने के बाद उन्हें भारत आदिवासी पार्टी के जिलाध्यक्ष का पद संभाला। उन्होंने विधानसभा और लोकसभा चुनावों में संगठनात्मक भूमिका निभाई। इससे चार विधानसभा सीटों में से दो पर बीएपी प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की। लोकसभा चुनाव में भी पार्टी प्रत्याशी विजयी रहे। इसके बाद हुए उपचुनाव में भी बीएपी प्रत्याशी को जीत मिली। इन चुनावी परिणामों से वो बीएपी के रणनीतिकार बन गए।

परिवार का भी राजनीति और सामाजिक क्षेत्र से जुड़ाव

अनुतोष रोत के परिवार का भी राजनीति और सामाजिक क्षेत्र से जुड़ाव रहा है। उनके पिता देवीलाल रोत और माता रतन देवी रोत राजकीय सेवाओं से सेवानिवृत्त हुए हैं। पत्नी संगीता रोत दूसरी बार बइयोड़ा की सरपंच निर्वाचित हुई हैं। उनके ससुर हरेंद्र ननोमा घाटोल से पूर्व विधायक रह चुके हैं। उनके दो बच्चे हैं।

Updated on:
27 Nov 2026, 4:56 PM IST
Published on: