बांसवाड़ा

बांसवाड़ा : जिला जेल में खाने को लेकर उलझे बंदी, गर्म दाल फेंकने पर मारपीट से मचा बवाल

Banswara crime news : दूसरे दिन चला शिकायतों का दौर, कोतवाली पुलिस भी दौड़ी, रात तक किसी की तरफ से एफआईआर नहीं

2 min read
बांसवाड़ा : जिला जेल में खाने को लेकर उलझे बंदी, गर्म दाल फेंकने पर मारपीट से मचा बवाल

बांसवाड़ा. जिला कारागार में पन्ना हत्याकांड के आरोपियों और उन्हें खाना देने पहुंचे लांगरी-बंदियों में मारपीट का मामला सामने आया है। इसे लेकर दूसरे दिन शनिवार को कोतवाली पुलिस की भी दौड़भाग रही। मामले को लेकर जेल प्रशासन और एक बंदी की मां ने कोतवाली में रिपोर्ट दी। हालांकि इसे लेकर रात तक कोई प्रकरण दर्ज नहीं हुआ। जेल प्रभारी एमएल मीणा के अनुसार घटना शुक्रवार शाम करीब साढ़े पांच बजे हुई, जबकि यहां अलग बैरक में बंद पन्ना हत्याकांड के आरोपी खोडन निवासी आसिफ पुत्र सलीम खान, रोहित, इंदिरा कॉलोनी निवासी अली पुत्र सलीम और गोपाल पुत्र धूला को खाना देने के लिए जवानों के साथ लांगरी और सहयोगी बंदी गए। बकौल मीणा, आरोपियों ने ज्यादा खाना मांगा, तो बहस हुई। इस पर तैश में आकर आरोपियों ने खाना फेंक दिया। गर्म दाल एक बंदी पर गिरी, जिससे विवाद बढ़ गया। जानकारी पर जेल स्टाफ ने दोनों पक्षों को संभाला। मामले को लेकर कोतवाली में रिपोर्ट दी गई। इस पर देरशाम को सीआई मोतीराम सारण, एसआई महेंद्रसिंह और एएसआई भंवरसिंह ने शाम को मुआयना किया। सीआई सारण ने प्रथम दृष्ट्या मामला कुछ और है। खाना फेंकने पर बोलचाल के बाद आपस में धक्का-मुक्की हुई है। मौका मुआयना कर वस्तुस्थिति की जानकारी ली है। किसी को भी चोट नहीं आई है। पन्ना हत्याकांड के आरोपी सुरक्षा कारणों से अलग बंद हैं। विवाद करके इनकी मंशा केस दर्ज करवाते हुए नए मामले में बार-बार जेल से बाहर आवाजाही करने की प्रतीत हुई है। जेल प्रशासन ने रिपोर्ट दी है। अली की मां ने भी परिवाद दिया। अभी कोई प्रकरण दर्ज नहीं किया है। दोनों शिकायतों पर पुलिस की जांच जारी है।

शाम तक डटा रहा एक आरोपी का परिवार
इस बीच, दोपहर में आरोपी अली ने जेल से अपने घर वालों को वाकया बताया, तो सभी पहुंच गए। अपने वकील के साथ इन्होंने फोन पर अली से जेल की एसटीडी के जरिए फिर बात की। इसमें अली ने मारपीट की घटना बताई। अली ने खुद को किसी तरह की चोट से इनकार कर जीजा आसिफ की अंगूली जख्मी होने और अन्य साथियों को चोटें आने की बात कही। अली ने जेलकर्मियों द्वारा भी हमले में साथ देने का आरोप लगाया। इसे लेकर इसे लेकर अली की मां सुरैया पत्नी सलीम खान ने अन्य परिजन शाम तक जेल परिसर में बैठे रहे। इन्होंने भीतर बंद नरेश पुत्र पन्नालाल सरगड़ा, नमन और जेल स्टाफ के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट भी दी। गौरतलब है कि श्रीराम कॉलोनी निवासी पन्नालाल सरगड़ा की गत 19 जुलाई को गोली मारकर हत्या कर दी। इस केस में जीजा-साला आसिफ और अली सहित चारों आरोपी गिरफ्तार किए गए थे।

कार्मिकों पर भी लगाए गंभीर आरोप, जेल प्रशासन ने नकारा
सुरैया ने यहां तीन साल से बंद नरेश सरगड़ा और उसके साथियों के साथ जेल स्टाफ के अच्छे संबंध होना बताते हुए मिलकर उसके बेटे अली और दामाद पर मारपीट करने का आरोप लगाया। उसने एक जेलकर्मी का जिक्र कर हर सप्ताह पांच हजार रुपए लेने का आरोप भी लगाया और कहा कि मारपीट के बाद मेडिकल मुआयना तक नहीं करवाया। इधर, जेल प्रभारी ने इन आरोपों को सिरे से नकारा हैं।

Published on:
01 Nov 2020 04:26 pm
Also Read
View All