बांसवाड़ा

‘भाजपा मजबूत संगठन, किसी से मनभेद नहीं, सोशल मीडिया पर चर्चाएं बेअसर’

Satish Puniya In Banswara : भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा- सरकार के खिलाफ करेंगे बड़ा आंदोलन

3 min read
‘भाजपा मजबूत संगठन, किसी से मनभेद नहीं, सोशल मीडिया पर चर्चाएं बेअसर’

बांसवाड़ा. भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष डा. सतीश पूनिया ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी विश्व का सबसे बड़ा संगठन है। पार्टी के चुनाव चिह्न और झंडे के नीचे सभी कार्यकर्ता काम करते हैं। केंद्रीय नेतृत्व के निर्देशों की पालना करते हैं। सोशल मीडिया पर संगठन को लेकर हो रही चर्चाएं भाजपा की मजबूती को प्रभावित नहीं करती हैं। पार्टी में किसी से मनभेद नहीं है। डा. पूनिया ने यह बात रविवार अपराह्न बाद घाटोल में मीडियाकर्मियों से बातचीत में कही। उन्होंने कहा कि हमारा संघर्ष राज्य सरकार से है। जिसने राजस्थान के किसान, नौजवान, आदिवासियो के साथ वादा खिलाफी की है। राज्य सरकार के खिलाफ आने वाले समय में उपखंड से प्रदेश स्तर तक आंदोलन की योजना बना रहे हैं। राज्य सरकार ने सवा दो साल के कार्यकाल में जो वादा खिलाफी की है, उसके खिलाफ आक्रोश नजर आ रहा है। हमारा मिशन यही है कि राजस्थान में बार-बार का सिलसिला खत्म हो। हर बार भाजपा की सरकार आए ताकि आदिवासी सहित अन्य क्षेत्रों में लोक कल्याण का कार्य कर सकें।
सिर्फ लोकलुभाव घोषणाएं
राज्य बजट पर पूनिया ने कहा कि बजट असंतुलित है। ९० प्रतिशत घोषणाएं तथा दस प्रतिशत प्रावधान हैं। जिस तरीके से लगातार सरकार का खर्च बढ़ रहा है, संसाधन कम होते जा रहे हैं, उसको देखते हुए लोक लुभावन घोषणाएं की हैं। कांगे्रस सरकार एेसी घोषणाएं हमेशा करती रही है। २००९ में खुद की घोषणाएं भी पूरी नहीं हो पाई है। बजट में एेसा कोई प्रावधान नहीं है कि राजस्थान के विकास का रोडमैप तैयार हो सके।
कार्यकर्ता ही ताकत
पूनिया ने कहा कि राजस्थान में पार्टी मजबूती से आगे बढ़ रही है। केंद्र की मोदी सरकार ने आदिवासी सहित सर्व वर्ग के कल्याण के लिए नीतियां बनाई हैं। भाजपा का संगठन जमीनी तौर पर आदिवासी व राजस्थान क्षेत्र में भौगोलिक व सामाजिक तौर पर मजबूत हो, इसकी कोशिश की जा रही है। स्वयं को कार्यकर्ताओं के बीच का व्यक्ति बताते हुए पूनिया ने कहा कि इसी कारण कार्यकर्ता आदर, सम्मान देते हैं और यही मेरी ताकत है। पूर्व राज्यमंत्री भवानी जोशी के चुनाव के दौरान युवा मोर्चा में रहते हुए आदिवासी क्षेत्र को नजदीक से देखा था। 15 दिन काम करने का अवसर मिला। त्रिपुरा सुंदरी के प्रति आस्था बनी। जब भी अवसर मिलता है, यहां आता हूं। रविवार को प्रतापगढ़ में नगर परिषद अध्यक्ष के पदभार ग्रहण कार्यक्रम में सम्मिलित हुआ। बांसवाड़ा समीप होने से त्रिपुरा सुंदरी से आशीर्वाद लेने आया हूं।
वैचारिक मतभेद संभव, मनभेद नहीं
तलवाड़ा. त्रिपुरा सुंदरी में पूजा-अर्चना व यज्ञ के बाद भाजपा प्रदेशाध्यक्ष पूनिया ने पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे से दूरियां होने के संबंध में कहा कि वे सम्मानित नेता है। पार्टी में हम परिवार के रूप में काम करते हैं। हमारे दिल और मन मिले हुए हैं। वैचारिक मतभेद हो सकता है, लेकिन मनभेद नहीं है। राजनीतिक हस्तियों को त्रिपुरा सुंदरी से सीएम बनने का आशीर्वाद मिलने और आगामी विधानसभा चुनाव संबंधी प्रश्न पर पूनिया ने कहा कि मां देती है, हम मांगते हैं। पार्टी का यश, कीर्ति, विजयश्री का आशीर्वाद मांगा है। राजस्थान की खुशहाली, भाजपा प्रदेश में अजेय बने। निरंतर विजयश्री का वरण करे, यही कामना की है। बाकी राजस्थान की जनता व केंद्र को तय करना है। पार्टी आलाकमान, पीएम, गृहमंत्री, राष्ट्रीय अध्यक्ष जो निर्देश देंगे, उसकी पालना करेंगे। देवदर्शन और शक्ति प्रदर्शन के सवाल पर पूनिया ने कहा कि शक्ति की देवी के सामने खड़े हैं। शक्ति के सामने हम गौण हैं, हम क्या शक्ति प्रदर्शन करेंगे। मेरी प्राथमिकता है कि कार्यकर्ताओं के बीच में मजबूत संगठन को स्थापित करूं।
सभी जगह कांगे्रस का पतन
पूनिया ने कहा कि हमारे लिए देश व पार्टी पहले हैं। जम्मू से केरल तक हम बढ़े हैं, जबकि अटक से कटक तक कांगे्रस का पतन हुआ है। सदन में हम कांगे्रस के पापों के कच्चे चिट्ठे खोल रहे हैं तो उन्हें तकलीफ होती है। सरकार के पास हमारे सवालों के जवाब नहीं है। जनता अब अधिक इंतजार नहीं करेगी। पंचायतीराज चुनाव में कांगे्रस 21 में से 14 जगह हारी। ऐसा पहली बार हुआ है।

Published on:
07 Mar 2021 11:59 pm
Also Read
View All