
साबला। उदयपुर-बांसवाड़ा स्टेट हाइवे पर अतिक्रमण के चलते बारिश के पानी की निकासी बाधित होने से बुधवार को इलेक्ट्रॉनिक दुकान के सामने सड़क पर जलभराव हो गया। इससे राहगीरों और वाहनधारियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। जलभराव की समस्या को लेकर ग्रामीणों व मोहल्लेवासियों ने विभागीय अधिकारियों से अतिक्रमण हटाकर पानी की निकासी सुचारू कराने की मांग की। जिसके बाद उपखंड अधिकारी मणिलाल तीरगर, पूर्व विधायक गोपीचंद मीणा, तहसीलदार तथा सार्वजनिक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता वीरेन्द्र लबाना मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने मशीनरी की मदद से नाले में अवैध रूप से लगाए गए पाइप को बाहर निकलवाया। इसके बाद पुलिया से बारिश के पानी की आवाजाही शुरू कराई गई, जिससे सड़क पर जमा पानी की निकासी होने लगी।
ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के दौरान पानी की निकासी बाधित होने से हाइवे पर जलभराव की स्थिति बन जाती है। ऐसे में स्थायी समाधान के लिए नाले की सफाई और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नियमित रूप से करने की जरूरत है।