प्रभारी मंत्री व राज्यमंत्री ने दिए निर्देश
बांसवाड़ा. जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत निगम के अधीन संचालित विद्युतीकरण योजना में ग्रामीणों से बिजली के पोल उठवाने और ठेकेदार की मनमानी पर अंकुश लगाने के निर्देश राज्यमंत्री धनसिंह रावत ने विद्युत निगम के अधीक्षण व अधिशासी अभियंता को दिए।
सर्किट हाउस में प्रभारी मंत्री सुशील कटारा की मौजूदगी में हुई जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक में राज्यमंत्री ने कहा कि ठेकेदार को पाबंद करें कि जहां विद्युतीकरण होना है, वहां पोल खुद ले जाए। ग्रामीणों से पोल उठवाने और लाने-ले जाने की परिपाटी उचित नहीं है। उन्होंने पं. दीनदयाल उपाध्याय योजना में लक्ष्य और पूर्ण कार्यों की जानकारी लेकर समय पर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। वहीं विधायक जीतमल खांट ने सिंगलफेस कनेक्शन वाले किसानों पर जबरन बिजली चोरी का जुर्माना वसूलने वाले कार्मिकों पर नकेल कसने की बात कही।
बनाई जाए विशेष जांच टीम
विधायक खांट ने मलाना पंचायत में कुएं में 12वीं के बच्चे की लाश मिलने, भगोरा में युवक-युवती के पेड़ पर लटका मिलने और परतापुर में चौकीदार के जलने के मामले को उठाते हुए कहा कि पुलिस सुसाइड नोट के आधार पर प्रकरण मर्ग में दर्ज कर इतिश्री कर रही है, जबकि हालात संदिग्ध हैं। उन्होंने विशेष टीम बनाने की मांग की। इस पर प्रभारी मंत्री कटारा ने पुलिस अधीक्षक कालूराम रावत को विशेष टीम बनाकर जांच कराने के निर्देश दिए। वहीं एसपी रावत ने भी अन्य अधिकारी से जांच कराने की बात कही।
प्रस्ताव दो, व्यवस्था करेंगे
चिकित्सा महकमे की समीक्षा के दौरान सामने आया कि जिले से जितने चिकित्सकों के तबादले हुए, उसके मुकाबले यहां नियुक्ति नहीं हुई। वहीं विधायक खांट ने कहा कि परतापुर सीएचसी से गायनिक चिकित्सक को बांसवाड़ा लगा दिया है, जिससे गढ़ी क्षेत्र के लोगों को परेशानी हो रही है। संसदीय सचिव भीमाभाई ने भी कुशलगढ़ क्षेत्र में ऐसी ही समस्या होना बताया। सीएमएचओ एचएल ताबियार ने जयपुर से आदेश आने का हवाला दिया। इस पर राज्यमंत्री रावत ने कहा कि इस बारे में प्रस्ताव दो। चिकित्सकों की व्यवस्था करेंगे। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक ने मूकबधिर विद्यालय में नियुक्त नर्स का पद समाप्त करने से हो रही समस्या बताई, जिस पर प्रभारी मंत्री ने लिखित में प्रस्ताव मांगा।
इन पर भी चर्चा
बैठक में पीएम आवास के साथ केटलशेड बनाने, ग्रामीण गौरव पथ, पीएमजीएसवाई की सडक़ों, नेशनल हाईवे की सडक़ों, कुशलगढ़, घाटोल, बस्सी की जल योजनाओं, मानगढ़ धाम पर पेयजल, सोलर आधारित सिंचाई, रमसा के अधूरे कार्य पूर्ण करने, माही की नहरों का पानी टेल तक नहीं पहुंचने, रसद व महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं और कार्यों की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए गए।
यह रहे मौजूद
बैठक में राजस्थान जन अभाव अभियोग निराकरण समिति के अध्यक्ष श्रीकृष्ण पाटीदार, संसदीय सचिव ओमप्रकाश हुड़ला भी मौजूद रहे। आरंभ में जिला कलक्टर भगवतीप्रसाद और जिला पुलिस अधीक्षक कालूराम रावत ने स्वागत किया और योजनाओं के संबंध में आवश्यक जानकार दी।