2 मई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सरकारी कॉलेजों में दाखिले की दौड़ शुरू, बिना अंकतालिका के भी कर सकेंगे आवेदन

राजस्थान के समस्त राजकीय महाविद्यालयों में स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयुक्तालय कॉलेज शिक्षा राजस्थान ने ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है।

2 min read
Google source verification
rajasthan government college admission

Photo- AI

बांसवाड़ा। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने मार्च माह में ही समस्त बोर्ड परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए। इसके चलते पहली बार मई में ही सरकारी कॉलेजों में भी दाखिले का बिगुल बज उठा है।

प्रदेश के समस्त राजकीय महाविद्यालयों में स्नातक पाठ्यक्रमों बीए, बीएससी, बीकॉम, बीसीए, बीबीए कोर्सेज में प्रवेश के लिए आयुक्तालय कॉलेज शिक्षा राजस्थान ने ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है।

प्रदेश के उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने सत्र 2026-27 की प्रवेश नीति जारी कर दी है। ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 15 मई है। आवेदन संबंधित समस्त औपचारिकताएं ग्रीष्मावकाश में पूर्ण होने के साथ ही एक जुलाई से नियमित क्लॉसेज लगेगी।

नवाचार : डिफॉल्टर को भी प्रवेश

  • नई प्रवेश नीति के तहत प्रवेश प्रक्रिया के अंतिम चरण में विद्यार्थी फीस जमा नहीं कराने से वंचित रहे विद्यार्थियों को सीटें रिक्त होने पर प्रवेश का अवसर दिया जाएगा।
  • नई प्रवेश नीति में अगली कक्षा में प्रमोट नहीं हो पाए विद्यार्थियो को उसी या अन्य किसी संकाय में निर्धारित सीटों के अतिरिक्त सीटों पर प्रवेश की सुविधा दी जाएगी।
  • प्रवेश के लिए मूल अंकतालिका उपलब्ध नहीं होने पर ‘डिजिलॉकर या इंटरनेट से प्राप्त अंकतालिकाएं’ भी मान्य होंगी।
  • दो वर्षों के अंतराल की बाध्यता को समाप्त कर दिया है। विद्यार्थियों को अर्हकारी परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद स्नातक प्रथम सेमेस्टर/स्नातकोत्तर प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश दिया जा सकेगा।

कॉलेज : प्रवेश सीटों का गणित

  • श्रीगोविंद गुरु कॉलेज : कला : 1840, विज्ञान : 210, वाणिज्य : 160
  • श्रीहरिदेव जोशी कन्या कॉलेज : कला : 480, विज्ञान : 140, वाणिज्य : 80
  • एमबीडी कुशलगढ़ : कला : 480, विज्ञान : 140
  • राजकीय महाविद्यालय सज्जनगढ़ : कला : 160
  • राजकीय महाविद्यालय गांगड़तलाई : कला : 160
  • राजकीय महाविद्यालय छोटी सरवन : कला : 160
  • राजकीय कन्या महाविद्यालय कुशलगढ़ : कला : 160
  • राजकीय महाविद्यालय आनंदपुरी : कला : 160
  • राजकीय महाविद्यालय गढ़ी : कला : 160
  • राजकीय महाविद्यालय घाटोल : कला : 160

फेक्ट फाइल

  • 10 सरकारी कॉलेज हैं बांसवाड़ा जिले में
  • 3940 सीट्स हैं प्रथम वर्ष कला में
  • 280 विद्यार्थियों का प्रवेश होगा साइंस-बॉयोलॉजी में
  • 210 सीट्स हैं साइंस-मैंथ्स में
  • 240 विद्यार्थी ले सकेंगे वाणिज्य संकाय में प्रवेश

यूं कर सकेंगे…

श्रीगोविंद गुरु कॉलेज के ऑनलाइन प्रवेश स्नातक नोडल अधिकारी प्रो. मनोज पंड्या ने बताया कि विद्यार्थी को स्वयं की एसएसओ आईडी पर जाकर डीसीई एप पर जाना होगा। प्रोसेस पूरा करना होगा। राजस्थान बोर्ड से कक्षा 12 उत्तीर्ण विद्यार्थियों का डेटा नाम, रोल नम्बर से फॉर्म भरा जा सकेगा। विद्यार्थी को जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, बैंक खाता विवरण, फोटो, साइन, आधार कार्ड, जनआधार कार्ड आदि समस्त दस्तावेज साथ रखने होंगे।