
मामले की जानकारी लेती पुलिस। फोटो- पत्रिका
सज्जनगढ़। उपखंड क्षेत्र के टिंबामहुडी गांव में दो मासूम बच्चों की कुएं में गिरने से मौत हो गई। बलवीर (7) पुत्र कालू सिंह और रोहित (9) पुत्र एतरा स्कूल से घर लौटते समय रास्ते से गुजर रहे थे। इसी दौरान वे बिना मुंडेर के खुले कुएं के पास चले गए, जहां पैर फिसलने से दोनों सीधे कुएं में जा गिरे।
उनके साथ आ रहे अन्य बच्चों ने घटना की जानकारी गांव में दी। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बच्चों को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और दोनों बच्चों की डूबने से मौत हो गई।
यह वीडियो भी देखें
ताम्बेसरा पुलिस चौकी प्रभारी लोकेंद्र सिंह मय जाप्ता मौके पर पहुंचे तथा आवश्यक कार्रवाई करते हुए शवों को सज्जनगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। वहां दोनों बच्चों का पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने नियमानुसार शव परिजनों को सुपुर्द कर दिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कुआं काफी समय से खुला और बिना सुरक्षा व्यवस्था के था।
हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। मासूम बच्चों की असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और हर कोई इस घटना से स्तब्ध है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में खुले और बिना मुंडेर के कुओं को तुरंत सुरक्षित किया जाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते ऐसे कुओं को ढंका जाए तो भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सकता है। लोगों ने जिम्मेदार विभाग से कार्रवाई की मांग की है।
वहीं दूसरी तरफ सागवाड़ा थाना क्षेत्र के भासौर गांव में मुख्य बाजार स्थित लक्ष्मीनारायण मंदिर के बाहर नाली के पास मंगलवार को भ्रूण मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। लोगों को इसकी सूचना मिलते ही मौके पर भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर हेड कांस्टेबल मनोज कुमार और कांस्टेबल राजेश कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने 108 एम्बुलेंस मंगवाकर नवजात भ्रूण को कब्जे में लिया और सागवाड़ा अस्पताल भिजवाया।
Published on:
29 Apr 2026 04:00 pm
बड़ी खबरें
View Allबांसवाड़ा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
