
नामांकन और अपडेशन की सुविधा मिलेगी निःशुल्क
बनकोड़ा
प्रदेश के सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद् ने राज्य के 295 ब्लॉकों में विद्यार्थियों के नए आधार नामांकन और अनिवार्य बायोमैट्रिक अपडेशन के लिए मोबाइल आधार सेवा केंद्र संचालित करने के निर्देश जारी किए हैं। योजना का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत उन सभी बच्चों को आधार से जोड़ना है, जिनके पास अब तक आधार कार्ड नहीं बन सका है या जिनके विवरण में अपडेशन की आवश्यकता है। राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद के अतिरिक्त राज्य परियोजना निदेशक (द्वितीय) अशोक कुमार मीणा ने समस्त जिलों के मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी एवं पदेन जिला परियोजना समन्वयक समग्र शिक्षा को दिशा-निर्देश जारी किए हैं। योजना के सुचारू संचालन के लिए रेलटेल कार्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड़ को अधिकृत किया है। जो आगामी 5 वर्षों तक इन मोबाइल आधार सेवा केंद्रों का संचालन करेगी। विद्यार्थियों या विद्यालयों से इस प्रक्रिया के लिए कोई भुगतान नहीं लिया जाएगा। समस्याओं के समाधान के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 18008911039 (प्रातः 10:00 से सायं 6:00 बजे तक) भी जारी किया गया है।
विद्यालयों में आयोजित होंगे कैंप
मोबाइल आधार सेवा केंद्र ब्लॉक कार्यालय की ओर से निर्धारित रूट चार्ट के आधार पर स्कूलों में कैंप आयोजित करेंगे। कैंप सोमवार से शनिवार, प्रातः 9:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक विद्यालय परिसर में ही संचालित होंगे। प्रत्येक केंद्र पर प्रतिदिन औसतन 50 विद्यार्थियों के आधार पंजीकरण/अपडेशन का लक्ष्य रखा गया है। संस्थाप्रधानों को निर्देश दिए गए हैं कि वे विद्यार्थियों के स्कॉलर नंबर, घर का पता, जन्म प्रमाण-पत्र व यूआईडीएआई के नियमानुसार आवश्यक दस्तावेज पूर्व में ही तैयार कर लें। इस पहल से दूरदराज और ग्रामीण क्षेत्रों (पीईईओ स्तर) के विद्यार्थियों को आधार कार्ड बनवाने या अपडेट करवाने के लिए किसी बाहरी ई-मित्र या केंद्र के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।