
कोकापुर। सिद्धनाथ मठ आसन स्थित कुलदेवता सहस्त्र बाहु मंदिर परिसर में गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। कलाल समाज के तत्वावधान में सुबह से ही समाजजन मंदिर परिसर में पहुंचने लगे और दिनभर धार्मिक अनुष्ठानों, गुरु वंदना तथा सामाजिक कार्यक्रमों का सिलसिला चलता रहा। मंदिर परिसर गुरु महिमा के जयघोषों और भक्ति भाव से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम का शुभारंभ गुरु माता के पाद प्रक्षालन एवं पूजन-अर्चन के साथ हुआ। समाज के वरिष्ठजनों, महिलाओं एवं युवाओं ने गुरु माता का आशीर्वाद प्राप्त कर सुख, समृद्धि एवं समाज की उन्नति की कामना की। इस दौरान श्रद्धालुओं ने गुरु की महिमा का गुणगान करते हुए गुरु परंपरा को भारतीय संस्कृति की आधारशिला बताया। महोत्सव के दौरान आगामी कीर्ति स्तंभ उद्यापन अनुष्ठान की तैयारियों को लेकर बैठक भी आयोजित की गई। वक्ताओं ने कहा कि कीर्ति स्तंभ समाज के गौरव, इतिहास और एकता का प्रतीक बनेगा।