
धंबोला. पुष्टिमार्गीय श्री गोवर्धननाथजी हवेली धंबोला में श्रावण मास के तहत शुक्रवार एवं शनिवार को सायं 7 से 8 बजे तक सुरंग हिंडोला उत्सव श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ आयोजित किया गया। दोनों दिन ठाकुरजी को आकर्षक सुरंग हिंडोले में विराजमान कर विशेष श्रृंगार एवं मनोरम झांकी सजाई गई, जिसके दर्शन के लिए बड़ी संख्या में वैष्णवजन उमड़े। शुक्रवार को सुरंग हिंडोला उत्सव के मनोरथी अश्विन कुमार एवं अरुण कुमार मनसुख राम पंड्या रहे। वहीं शनिवार को बृजमोहन पंड्या एवं भानुप्रसाद मगनलाल पंड्या परिवार की ओर से मनोरथ संपन्न कराया गया। उत्सव के दौरान वैष्णवजनों ने भावपूर्ण हिंडोला पदों का सामूहिक गान किया। भजन-कीर्तन और प्रभु की जय-जयकार से संपूर्ण हवेली परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। इस दौरान रामशंकर मगनलाल पंड्या , प्रदीप मनसुखराम पंड्या, मुकेश रामशंकर पंड्या , मीनू,प्रीतम, जान, मानस, शिवम सहित बड़ी संख्या में वैष्णवजन उपस्थित रहे।