बांसवाड़ा

जोड़ो मौसम बरखा ने लौटाई उम्मीदें

Rajasthan

धबोला. चौरासी विधानसभा क्षेत्र में पिछले दो-तीन दिनों से कभी हल्की तो कभी तेज बारिश होने से किसानों के चेहरों पर फिर से मुस्कान लौट आई है। जुलाई के अंतिम दिनों में हुई इस बारिश के बाद खेतों में धान की रोपाई ने गति पकड़ ली है। जिन किसानों ने पहले से धान की नर्सरी (रोप) तैयार कर रखी थी, उन्होंने अब खेतों में रोपाई का कार्य शुरू कर दिया है।
बारिश की कमी के कारण इस बार खरीफ सीजन की शुरुआत में किसान चिंतित थे। कई स्थानों पर धान की रोप तैयार होने के बावजूद पर्याप्त पानी नहीं मिलने से रोपाई टल रही थी। लेकिन लगातार दो-तीन दिनों से हुई बारिश ने खेतों में पर्याप्त नमी ला दी है, जिससे किसान पूरे उत्साह के साथ रोपाई में जुट गए हैं।
क्षेत्र के गांवों में सुबह से शाम तक खेतों में किसानों और मजदूरों की चहल-पहल दिखाई दे रही है। कहीं ट्रैक्टरों से खेतों की जुताई और पलेवा किया जा रहा है तो कहीं महिलाएं और किसान धान की पौध की रोपाई करते नजर आ रहे हैं। कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि यदि आने वाले दिनों में भी बारिश का दौर बना रहा तो धान सहित अन्य खरीफ फसलों को अच्छा लाभ मिलेगा और उत्पादन बेहतर होने की उम्मीद है।

Updated on:
24 Jul 2026 06:00 am
Published on:
24 Jul 2026 06:00 am