
डूंगरपुर जिला अस्पताल का हाल बेहाल: आए दिन हो रही परेशानी
डूंगरपुर:
जिले के सबसे बड़े श्री हरिदेव जोशी सामान्य चिकित्सालय के मुख्य प्रवेश द्वार के ठीक अंदर की सड़क पूरी तरह टूटकर बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। हालिया बारिश और गंदे पानी की निकासी न होने के कारण इन गड्ढों में जलभराव हो गया है, जिससे पूरा रास्ता किसी छोटे तालाब जैसा नजर आ रहा है। यह स्थिति न सिर्फ इलाज कराने आने वाले मरीजों, बल्कि दिन-रात सेवा में जुटे स्वास्थ्यकर्मियों के लिए भी मुसीबत बन गई है। अस्पताल परिसर के अंदर जाने वाली इस मुख्य सड़क पर फैला कीचड़ और गंदा पानी नारकीय स्थिति पैदा कर रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी उन मरीजों को उठानी पड़ रही है, जो चलने-फिरने में असमर्थ हैं और जिन्हें तीमारदारों की ओर से गोद में या सहारे से अंदर ले जाया जाता है। कीचड़ में पैर फिसलने का डर हमेशा बना रहता है, जिससे गंभीर मरीजों को और अधिक चोट लगने का खतरा है।
गड्ढों से बचाकर स्ट्रेचर ले जाने की मजबूरी
अस्पताल कार्मिकों को स्ट्रेचर ले जाने के लिए गंदे पानी और गड्ढों के बीच मशक्कत करनी पड़ रही है। स्ट्रेचर के छोटे पहिए गहरे गड्ढों और कीचड़ में फंस जाते हैं, जिससे उन्हें किनारे से बड़ी सावधानी से धकेलना पड़ता है। स्ट्रेचर के हिचकोले खाने से अस्पताल के अंदर ले जाए जा रहे मरीज को अत्यधिक शारीरिक पीड़ा सहनी पड़ती है, जो उसकी सेहत को और बिगाड़ सकती है। इसके अलावा, स्वास्थ्यकर्मी भी दूषित पानी में पैर डुबोकर काम करने को मजबूर हैं, जिससे उन्हें संक्रमण का गंभीर खतरा सता रहा है। ऐसी ही परेशानी दुपहिया वाहन चालकों के साथ भी हैं। इसके बावजूद अस्पताल प्रशासन की ओर से समस्या के स्थायी समाधान पर ध्यान तक नहीं दिया जा रहा हैं। लोगों ने जिला प्रशासन से तत्काल इस सड़क की मरम्मत करवाने की मांग की है।