बांसवाड़ा

राती का फला मार्ग बदहाल, सीसी सड़क नहीं बनने से ग्रामीण परेशान

Rajasthan

ग्रामीण दे चुके प्रशासन को ज्ञापन, नहीं हो रहा समाधान
पीठ
कस्बे में पीठ-सरथूना मुख्य मार्ग से राती का फला होते हुए खोडियार माता मंदिर मार्ग पर नवीन सीसी सड़क नहीं होने के कारण मोहल्लेवासियों, श्रद्धालुओं और विद्यार्थियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। राती का फला मोहल्ले के लोग पिछले कई वर्षों से इस उबड़-खाबड़ और बदहाल सड़क मार्ग से जूझ रहे हैं। स्थिति तब और विकट हो जाती है, जब बरसात के मौसम में यह मार्ग कीचड़ का दलदल बन जाता है, जिससे यहां से निकलना दूभर हो जाता है।
वार्ड 1 के मनीष जैन, धनपाल डामोर, पुष्पराज, गोर्धन, लक्ष्मी, राकेश, मणिया, दिलीप, जमना, काली, केशर, बलू, नानू, कालू, प्रताप और हंसा की ओर से 27 जुलाई 2025 को ग्राम पंचायत प्रशासक और ग्राम विकास अधिकारी को लिखित प्रार्थना पत्र सौंपा गया था। इसमें बरसात के दिनों में होने वाली कीचड़ की समस्या और राहगीरों के आवागमन में आ रही दिक्कतों का हवाला देते हुए जल्द समाधान की मांग की गई थी। इस संबंध में वार्ड के वार्ड पंच रमेशचंद्र यादव ने बताया कि मोहल्ले की इस सड़क के निर्माण का प्रस्ताव काफी समय से स्वीकृति के लिए लंबित है। लोगों ने समस्या के जल्द समाधान की मांग की हैं।

इनका कहना है
पंचायत कोरम की ओर से पूर्व में एक्शन प्लान के तहत राती का फला सड़क निर्माण का प्रस्ताव लिया गया था। इस प्रक्रिया को एक साल गुजर चुका है, लेकिन अब तक प्रशासनिक स्वीकृति नहीं मिल पाई है।"
— गंगादेवी डामोर, प्रशासक, ग्राम पंचायत पीठ

Updated on:
08 Aug 2026 06:00 am
Published on:
08 Aug 2026 06:00 am