
बहनों को सीट में पहली प्राथमिकता
डूंगरपुर
रक्षाबंधन पर्व पर इस बार बहनों को रोडवेज बसों में दो दिन तक नि:शुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। यह सुविधा गुरुवार रात 12 बजे से शुरू हो गई है और 29 अगस्त की रात 12 बजे तक जारी रहेगी। इस दौरान महिलाएं प्रदेश में कहीं भी रोडवेज बसों में नि:शुल्क यात्रा कर सकेंगी।
मुख्य प्रबंधक हरदीप सिंह ने बताया कि प्रदेश सरकार के आदेशानुसार रक्षाबंधन पर्व पर महिलाओं को दो दिन तक नि:शुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान की जा रही है। इसे लेकर रोडवेज निगम की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। वर्तमान में डूंगरपुर डिपो से 59 बसों का संचालन किया जा रहा है। रक्षाबंधन पर यात्रियों की बढ़ने वाली संख्या को देखते हुए इन बसों के फेरे भी बढ़ा दिए गए हैं, ताकि बहनों को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
पहले मिलेगी बहनों को सीट
निगम की ओर से इस बार यात्रा करने वाली बहनों को सीट उपलब्ध कराने में पहली प्राथमिकता दी जाएगी। इसके बाद पुरुष यात्रियों को सीट दी जाएगी। रोडवेज अधिकारियों का कहना है कि विशेष व्यवस्था का उद्देश्य यह है कि बहनें समय पर और सुरक्षित अपने घर पहुंच सकें तथा भाइयों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधकर रक्षाबंधन का पर्व मना सकें।