Rajasthan Crime News : बांसवाड़ा जिले का मामला, बेसुध पीडि़ता का अस्पताल में इलाज जारी
बांसवाड़ा/बड़ोदिया. जिले में नाबालिग से बलात्कार कर उसे जहर देकर मारने का प्रयास करने का मामला सामने आया है। इससे बेसुध पीडि़ता को बांसवाड़ा के एमजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले की रिपोर्ट पर पुलिस जांच में जुटी। इसी बीच, आरोपी गुजरात भागने की फिराक में प्रतीत होने पर मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार इस संबंध में पीडि़ता के भाई ने रिपोर्ट दी। इसमें बताया कि रविवार दोपहर में उसके माता-पिता कही गए हुए थे। इस दौरान वह भी गांव में ही था, जबकि पीछे उसकी नाबालिग बहन घर पर अकेली थी। इस बीच, आरोपी उसे जबरन खेत पर ले गया और बलात्कार कर कीटनाशी पिला दिया। इत्तेफाक से वह उस समय घर लौट रहा था। खेत के पास से गुजरते समय उसने बहन की चीखें सुनी तो दौड़ा। मौके पर आरोपी को गलत हरकत करते देख वह सन्न रह गया, उसने पकडऩे का प्रयास किया तो आरोपी छुड़ाकर भाग निकला। बाद में रिश्तेदारों को बुलाकर उनकी मदद से वह बहन को बांसवाड़ा के एमजी अस्पताल लाया। मामले पर थाने की टीम रविवार अपराह्न बांसवाड़ा पहुंची, लेकिन पीडि़ता बयान देने में अक्षम बताई गई। इस पर पुलिस ने भाई की रिपोर्ट पर केस दर्ज कर तहकीकात शुरू की। सीआई ने बताया कि मामले में पुलिस अधीक्षक कावेंद्रसिंह सागर के निर्देश पर सोमवार सुबह आरोपी की तलाश में थाने के साथ चौकी का जाब्ता दौड़ाया गया। इस बीच, इत्तला मिली कि आरोपी गुजरात भागने की फिराक में है। इस पर उसे तलाश कर धरदबोचा गया। दोपहर में एमजी अस्पताल से पीडि़ता के होश में आने की सूचना पर पुलिस ने न्यायिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में बयान करवाए। सीआई ने बताया कि पीडि़ता ने बयान में उसके साथ ज्यादती होना बताया है। इस पर पुलिस मामले की अग्रिम जांच में जुटी है।