
बांसवाड़ा. रीट-2021 (REET 2021) का इम्तिहान (EXAM) देकर लौटते समय रविवार रात को दाहोद मार्ग पर सागड़ोद के पास अभ्यर्थियों की जीप सामने से आती बस से जा भिड़ी। हादसे के बाद जीप पलट गई। गनीमत रही कि दुर्घटना में दोनों वाहनों में सवार किसी अभ्यर्थी को चोट नहीं आई।
सदर सीआई पूनाराम ने बताया कि हादसा रात करीब आठ बजे सागड़ोद और पाड़ी के बीच मुख्य मार्ग पर हुआ। बांसवाड़ा की तरफ से क्रूजर जीप में सवार कुशलगढ़ क्षेत्र के महुड़ी निवासी तीन जने घर लौट रहे थे, वहीं सामने से जिले के बाहर अभ्यर्थियों से भरी बस बांसवाड़ा के कॉलेज मैदान जा रही थी।
इसी बीच, बेकाबू जीप बस से जा टकराई। हादसे पर बस चालक ने नियंत्रण बनाए रखा, जिससे किसी को नुकसान नहीं हुआ, लेकिन उधर जीप टकराने के बाद पलट गई। बस रुकने पर उससे अभ्यर्थी उतरने लगे तो डर के मारे पलटी जीप से निकलकर तीनों जने भाग गए। इस बीच इत्तला पर सदर थाने का पुलिस दल मौके पर पहुंचा। मौका मुआयने से पता चला कि दुर्घटना में बस का शीशा भी टूटा, लेकिन तकनीकी दृष्टि से गाड़ी सही थी। इस पर समझाइश कर चालक को सभी अभ्यर्थियों के साथ बांसवाड़ा के लिए रवाना किया गया। बाद में एएसआई मणिलाल ने क्रेन मंगवाकर जीप उठवाई। पुलिस ने जीप जब्त कर ली। हालांकि इस संबंध में देररात तक इस संबंध में थाने में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई।