पाटीदार समाजजनों के साथ हादसा, बड़ौदा व संतरामपुर के अस्पतालों में कराया भर्ती
बांसवाड़ा/डडूका. गुजरात के वीरपुर में दरगाह से लौट रहे गढ़ी क्षेत्र के कुछ लोग बुधवार दुर्घटनाग्रस्त हो गए। सेमलिया गांव के जीप सवार पाटीदार के परिवारों के 12 जने घायल होने की सूचना अपराह्न में आई। घायलों को बड़ौदा और संतरामपुर में भेजा गया। इधर हादसे में घायल एक महिला की मौत हो गई।
इस बीच, जानकारी पर सेमलिया से घायलों के परिजन वीरपुर के लिए रवाना हुए। मामले में गढ़ी सीआई मनीष चारण ने बताया कि इस बारे में सेमलिया सरपंच नानूराम बामनिया से संवाद पर वीरपुर में गांव के कुछ लोग हादसे में घायल होने की जानकारी मिली।
संभवत: गुजरात पुलिस और घायलों के सीधे परिजनों का संवाद हो गया, जिसके चलते राजस्थान पुलिस से संपर्क नहीं हुआ। इधर, सेमलिया से पाटीदार समाज के ग्रामीणों ने बताया कि डूंगरपुर पासिंग की जीप से गांव के अलग-अलग परिवारों से 13 लोग वीरपुर के पास धार्मिक स्थल पर गए थे। वहां से उन्होंने दोपहर में वापसी की। फिर वीरपुर से करीब पांच किमी आगे आने के बाद हादसा हुआ। इससे जीप में सवार छह जने गंभीर घायल हुए, जबकि बाकी को कम चोटें आईं। इनमें छह जनों को बड़ौदा, जबकि तीन जनों को संतरामपुर के अस्पताल ले जाया गया, जबकि दो जनों को उदयपुर के लिए रवाना किया गया। घायलों में लीला पाटीदार, माया पाटीदार, शोयम, जया, केसर, राकेश, नव्या, मंजू, कली, रतन, गंगा, जीतू शामिल बताए गए। इनमे से रतनदेवी की मौत हो गई।