Banswara Crime News : सब्जियां लेकर गांगड़तलाई बाजार से लौटते समय हादसा, कार्रवाई से इनकार पर पुलिस ने सौंपे शव
बांसवाड़ा/गांगड़तलाई. जिले के सल्लोपाट क्षेत्र में शुक्रवार को बिना मुंडेर के कुएं में गिरने से दो मासूम बालिकाएं डूब गईं। पुलिस के अनुसार घटना गांगड़तलाई पंचायत क्षेत्र के कटारा फला गांव में हुई। गांव की 11 वर्षीया सजवंता पुत्री हकजी मसार और उसकी चचेरी बहन 8 वर्षीया शीला पुत्र विजिया मसार दोपहर बाद करीब दो बजे गांगड़तलाई बाजार में खरीदारी के लिए गई थी। वापसी के समय सजवंता के पिता रास्ते में मिले। फिर दोनों लड़कियां सब्जियां और अन्य सामान लिए घर की तरफ निकली, जबकि उसका पिता किसी काम से रामका मुन्ना गांव की ओर चला गया। इसके बाद दोनों बच्चियों काफी देर तक घर नहीं लौटी तो इनकी तलाश में परिजन निकले। पगडंडी के किनारे बिना मुंडेर के कुएं में टमाटर और बच्चियों के चप्पल तैरते दिखे, तो शक हुआ। आसपास के ग्रामीण बुलाकर कुएं में तलाश की, तो बच्चियों के शव मिले। सूचना पर सल्लोपाट थानाधिकारी नागेंद्रसिंह मय जाब्ता मौके पर पहुंचे। मौका मुआयने के बाद परिजनों ने भी डूबने से ही मौत होना मानते हुए पुलिस कार्रवाई और पोस्टमार्टम करवाने से इनकार किया। इस बारे में लिखित व्यक्तव्य देने पर पुलिस ने बिना कार्रवाई कराए शव परिजनों को सौंप दिए। शाम को दोनों बच्चियों की अंत्येष्टि कर दी गई।