
बांसवाड़ा. कोतवाली थाना क्षेत्र के डूंगरपुर मार्ग स्थित लोधा हनुमान मंदिर के समीप फिल्मी अंदाज में वाहन को ओवरटेक कर डूंगरपुर जा रहे एक नवविवाहिता व उसके देवर का अपहरण कर लिया गया। मामले में नवविवाहिता के पति ने थाने में अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई है। सहायक उप निरीक्षक गोविंदसिंह ने बताया कि डूंगरपुर जिले के पंचकुंडी निवासी सुरेंद्रसिंह बांसवाड़ा में किराए से कमरा लेकर रहता है। उसने कुछ दिनों पहले गुजरात के प्रांतीज के समीप बड़ेल गांव की एक युवती के साथ कोर्ट मैरिज की थी। वह बीते डेढ़ माह से खांदू कॉलोनी में रह रहा है। शनिवार को वह डूंगरपुर जा रहा था कि फिल्मी अंदाज में लोधा के समीप दो वाहनों में सवार हो आए लोगों ने उन्हें रोका और नवविवाहिता व सुरेंद्रसिंह के भाई बलवीर को जबरन अपने साथ ले गए। उन्होंने बताया कि सुरेंद्रसिंह ने खांदू कॉलोनी के सन्नी, पिस्सू सहित बीस अन्य लोगों के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दी है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है।