बारां

लिव इन में रह रहे जोड़े ने ली 4 साल की मासूम की जान, शव अलमारी में डाल हुए फरार

जयपुर के जैतपुरा में की हत्या, शव को बारां में प्रेमी के गांव में स्थित घर में छिपाया, बदबू आने के बाद मामले का खुलासा

less than 1 minute read

बारां। जिले के जैतपुरा गांव से शनिवार को पुलिस ने लोहे की अलमारी से प्लास्टिक के कट्टे से चार साल की बालिका का शव बरामद किया है। लिवइन में रह रहे प्रेमी जोड़े ने जयपुर में बालिका की हत्या की। बाद में शव को खुर्दबुर्द करने व साक्ष्य मिटाने के लिए बारां के जैतपुरा में लाए और यहां प्रेमी के घर में रखी अलमारी में रख कर फरार हो गए। पुलिस आरोपी जोड़े महावीर और रोशनबाई की तलाश कर रही है।

पुलिस ने बताया कि जैतपुरा गांव निवासी जयराम बैरवा ने सूचना दी कि उसके घर के कमरे में रखी लोहे की अलमारी में रखे सफेद प्लास्टिक के कट्टे से बदबू आ रही है और खून बह रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कट्टे को खोला तो उसमें बच्ची का शव था। इसकी पहचान इशिका 4 के रूप में हुई। यह महावीर के साथ लिव इन में रह रही रोशनबाई की बेटी थी।

आरोपी के पिता ने बताया मामला

पुलिस को आरोपी महावीर के पिता जयराम ने बताया कि बालिका का शव इशिका का है। यह महावीर के साथ रह रही रोशन बाई की बेटी है। महावीर और रोशन ने जयपुर में इशिका की हत्या की और शव को यहां रख कर भाग गए। जयपुर से मिली सूचना के अनुसार घटना सांगानेर रेलवे स्टेशन के पास की है।

सात महीने से रह रहे थे साथ

जानकारी के अनुसार रोशनबाई की शादी टोंक में रविंदर बैरवा के साथ हुई थी। इशिका उनकी बेटी थी। महावीर और रोशनबाई करीब सात महीने से जयपुर में एक साथ रह रहे थे। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद बालिका का शव अंतिम संस्कार के लिए जयराम बैरवा को सुपुर्द कर दिया है। वहीं आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित कर दी है।

Published on:
31 May 2025 07:58 pm
Also Read
View All

अगली खबर