जिले में पिछले करीब 10 दिनों से शीतलहर और गलन के साथ कोहरा रहने से सामान्य जनजीवन प्रभावित हो रहा है। कोहरे का असर रेल यातायात पर भी पड़ रहा है। इस कारण टे्रनों को एहतियातन कम रफ्तार से चलाना पड़ रहा है। इससे यात्रियों को ट्रेनों का इंतजार करना पड़ रहा है।
साप्ताहिक गाडिय़ां अधिक प्रभावित, एक से दो घंटे तक की हो रही देरी
बारां. जिले में पिछले करीब 10 दिनों से शीतलहर और गलन के साथ कोहरा रहने से सामान्य जनजीवन प्रभावित हो रहा है। कोहरे का असर रेल यातायात पर भी पड़ रहा है। इस कारण टे्रनों को एहतियातन कम रफ्तार से चलाना पड़ रहा है। इससे यात्रियों को ट्रेनों का इंतजार करना पड़ रहा है। पश्चिम मध्य रेलवे की महत्वपूर्ण सुपरफास्ट ट्रेन दयोदय एक्सप्रेस भी कोहरे के कारण लेट हो रही है। अजमेर-जबलपुर 12182 टेन का बारां स्टेशन समय 10.40 है, लेकिन शुक्रवार रात करीब डेढ़ घंटा देरी से पहुंची। जबलपुर-अजमेर 12181 का बारां पहुंचने का समय सुबह 5.55 है, लेकिन शनिवार सुबह करीब 1.20 मिनट की देरी से पहुंची। इसी तरह जोधपुर-भोपल व अन्य राज्यों से आने वाली साप्ताहिक ट्रेन भी निर्धारित समय से कुछ देरी से पहुंच रही है। अन्य राज्यों से आने वाली साप्ताहिक ट्रेन अधिक देरी से चल रही है। पुरी-विशाखापट्टनम, शालीमार-उदयपुर आदि ट्रेन तय समय से देरी से पहुंच रही है। शालीमार-उदयपुर ट्रेन शनिवार सुबह करीब 20 मिनट की देरी से पहुंची।
देरी से अधिक यात्रियों की सुरक्षा जरूरी
रेलवे सूत्रों का कहना है कि कोहरे के कारण आमतौर पर 110 किमी प्रतिघंटा की गति घटकर 70-80 तक आ जाती है। रेलवे की ओर से देरी की बजाय यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाती है। इसके अलावा अक्सर कोटा-रूठियाई सेक्शन पर ट्रेक पर मवेशियों के आने की आशंका भी रहती है। कई बार बाइक सवार और ट्रेक्टर-ट्रॉली चालक भी पटरियों के नजदीक तक पहुंच जाते है। इससे अतिरिक्त सतर्कता बरतना जरूरी रहता है।
अभी जारी रहेगी शीतलहर
जिले में वैसे तो 29 दिसंबर से कोहरा छाना शुरू हो गया था। लेकिन पिछले सप्ताह के दौरान कुछ दिन तो घना कोहरा छाया रहा। 4 जनवरी की रात करीब 11 बजे तक तो 50 से 100 मीटर की दूरी भी स्पष्ट दिखाई नहीं दे रही थी। दूसरे दिन 5 जनवरी को भी कुछ इसी तरह के हालत रहे। जिले में रविवार सुबह भी कोहरे की संभावना बनी हुई है। शीतलहर के कारण हवा में गलन और अगले 2-3 दिनों तक कोहरा जारी रह सकता है, फिर कोहरे की तीव्रता कम होने का पूर्वानुमान है।
घर से लाइव स्टेटस देखकर निकलें
भारतीय रेलवे की ओर से रेलवे यात्रियों को कोहरे के कारण टे्रन से यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन का लाइव रङ्क्षनग स्टेटस जांचने और यात्रा के दूसरे विकल्प भी रखने की सलाह दी है। वैसे अब रेलवे यात्रियों में काफी जागरूकता है। इससे लोग सफर शुरू करने से पहले ट्रेन का लाइव स्टेटस देखकर ही घरों से निकलते है। फिर भी कई बार स्टेशन पर इंतजार करने की नौबत आ रही है। अजमेर-जबलपुर-दयोदय एक्सप्रेस शनिवार रात करीब एक घंटा 20 मिनट की देरी से रात 12 बजे बारां रेलवे स्टेशन पर पहुंची। वहीं, रविवार सुबह भी करीब डेढ़ घंटे की देरी से पहुंची थी। 7 दिसंबर को करीब डेढ़ घंटे की देरी से पहुंची थी।