बारां

अंता में हुई सर्वाधिक 53MM बारिश, घरों और दुकानों में भी घुसा पानी, जानें लेटेस्ट Rajasthan Weather Report

IMD Weather News: बीते 24 घंटों में सर्वाधिक बरसात अन्ता में 53 एमएम हुई है। जिले में बुधवार रात्रि को छीपाबड़ौद छोडक़र सातों उपखण्ड क्षेत्र में बरसात हुई।
4 min read
Jul 04, 2025
Feature image
देवरी कस्बे के बीच से होकर बहने वाली पलको नदी में उफान के चलते बस्ती दो भागों में बंट गई। कई मकानों में पानी घुस गया। (फोटो: पत्रिका)

Baran Weather Update: बारां शहर समेत जिले भर में गुरुवार को सुबह से शाम तक बरसात कुछ क्षेत्रों को छोड़कर केवल बादल व हल्की धूप की आवाजाही बनी रही। मांगरोल तथा शाहाबाद क्षेत्र में सुबह से अच्छी बरसात हुई। शाहाबाद के देवरी क्षेत्र में सुबह हुई बरसात से नदी-नाले उफान पर आ गए। बीते 24 घंटों में सर्वाधिक बरसात अन्ता में 53 एमएम हुई है। जिले में बुधवार रात्रि को छीपाबड़ौद छोडक़र सातों उपखण्ड क्षेत्र में बरसात हुई। बिते 24 घंटो में सबसे अधिक बरसात अन्ता में 53 एमएम हुई, बारां में 46, मांगरोल में 45, छबड़ा में 03, अटरु में 04, शाहाबाद में 44 तथा किशनगंज में 43 एमएम बरसात हुई है। बुधवार को अधिकतम तापमान एक डिग्री बढक़र 34 डिग्री रहा वही न्यूनतम तापमान यथावत 27 डिग्री रहा। मौसम विभाग ने जिले में शुक्रवार व शनिवार को बादल व धूप की आवाजाही रहेगी वहीं आगामी चार पांच दिनों तक तक तेज बरसात होने की संभावना जताई है। आसमान पर बादलो के साथ ही तेज बरसात होने की संभावना जताई गई है।

नदी पर बनी पुलिया पर चार फीट पानी

बरसात के पानी में खड़े लोग (फोटो: पत्रिका)

देवरी पलकों एवं चमरैउ नदी में उफान आ गया है। इससे गांव में जाने वाले मार्ग बंद हो गए। बीलखेड़ा माळ गांव के बाहर नदी पर बनी पुलिया पर करीब चार फीट पानी होने की वजह से बाहर से आने जाने वाले लोगों का संपर्क कट गया। वहीं गुरुवार को सुबह से ही बारिश के चलते शिक्षक अपने वाहनों के साथ नदी के किनारे नदी उतरने का इंतजार करते रहे। नदी के उस पर गोयरा, घोघरा, होड़ापुरा सहित मध्यप्रदेश के दर्जनों भर गांव के लोग देवरी कस्बे में आते हैं।

मछली पकड़ने के लिए उठा रहे खतरा

मछली पकड़ते बच्चे (फोटो: पत्रिका)

क्षेत्र के बीलखेड़ा डांग गांव से बहने वाली नदी में बारिश के वाद नदी में पानी की आवक अधिक हो गई। जिसमें सहरिया समाज के छोटे-छोटे बच्चे मछलियां पकड़ते नजर आए।

कालीसिंध नदी (फोटो: पत्रिका)

यहां से गुजर रही कालीसिंध नदी में गुरुवार को आए तेज जल प्रवाह से पानी की जबरदस्त आवक हुई है। इस उफान का पानी तलहटी इलाके के खेतों में फैल गया। इस पानी का उफान देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों ने पुल पर पहुंच कर इस नजारे को देखा।

नदी किनारे फंस गए

कस्बे के मध्य में से निकली पलकों नदी एवं चमरैउ नदी में शाम करीब साढ़े तीन बजे बहुत तेज उफान रहने से सभी मार्ग अवरुद्ध रहे। गुरुवार को साप्ताहिक हाट बाजार होने की वजह से डांग क्षेत्र के बहुत से लोग अपनी जरूरत के सामान लेने देवरी कस्बे में आए लेकिन दोपहर बाद जंगल क्षेत्र में तेज पानी बरसने से पलकों नदी एवं चमरैउ नदी में पानी की आवक होने से दोनों नदियों में उफान रहा। पुलिया के ऊपर करीब पांच तक पानी रहा। इस दौरान सैकड़ों लोग नदी उतरने का इंतजार करते नजर आए। पुलिस चौकी पर तैनात बीट प्रभारी सुरेन्द्र सिंह और राधेश्याम कॉन्स्टेबल पलकों नदी एवं चमरैउ नदी के मुहाने पर नदी के किनारे खड़े लोगों से समझाइश करते नज़र आए।

कस्बाथाना में हुई बारिश (फोटो: पत्रिका)

बड़गांव कस्बे में हो रही तेज बारिश के कारण नालों में उफान आ गया और कई जगह आमरास्तों में भी जल भराव भी हुआ है। यहां सुबह से ही मौसम साफ था लेकिन हल्के बादल छाए हुए थे वह गर्मी भी थी। दिन में कुछ देर के लिए हल्की-फुल्की बूंदाबांदी हुई लेकिन फिर मौसम साफ हो गया। लेकिन शाम के 5:00 तेज बारिश शुरू हुई जो लगभग 1 घंटे से अधिक समय तक चली।

एक घंटे तेज बरसात

शाहाबाद क्षेत्र में कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश हुई। इससे नदी-नालों में उफान आ गया। दोपहर 1:30 से 2:30 तक तेज बरसात होने से नदी नालों में पानी आ गया। थोड़ी देर बारिश रुकी और बाद में भी आधे घंटे तक रिमझिम बरसात का दौर चला।

शिविर में जाने के लिए खड़े रहे अधिकारी

बारिश (फोटो: पत्रिका)

कस्बाथाना जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत जिले में विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। शिविरों के माध्यम से जनजातीय परिवारों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। इसी क्रम में कस्बाथाना के सनवाडा में शिविर का आयोजन गुरुवार को होना था, लेकिन सनवाडा की नदी गुरुवार रात से उफान पर रही। इससे शिविर लगने में परेशानी हुई। नायब तहसीलदार, समाज कल्याण अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी रेखम जाटव सहित अन्य कार्मिको ने नदी उतरने का इंतज़ार किया। नदी उतरने के बाद शिविर का आयोजन किया गया। इसके बाद भी जोरदार बारिश का दौर शुरू हो गया। पलकों नदी लगातार उफान पर है। करीब 15 दिनों से टांडा अहिरान के लोगों का कस्बाथाना से संपर्क टूटा हुआ है। टांड़ा अहिरान के लोग गढ्ढे व पानी भरे औगाड़ के रास्ते से कस्बाथाना आ रहे हैं।

Updated on:
09 Jul 2025 04:51 pm
Published on:
04 Jul 2025 08:48 am