
समझी वोट की कीमत, पत्रिका की पहल पर जनमत जगाने को तैयार हुआ कारवां.रा जस्थान पत्रिका की 'जागो जनमत यात्रा- 2018 मंगलवार को बारां जिले में रही। सुबह दस बजे जिला निर्वाचन अधिकारी व जिला कलक्टर डॉ. एसपी सिंह ने यहां स्टेशन रोड स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में यात्रा रथ को झंडी दिखाकर गांव व कस्बों के लिए रवाना किया। इस दौरान जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी व स्वीप के नोडल प्रभारी भवानीसिंह पालावत व विद्यालय की प्राचार्या रेखा सक्सेना भी मौजूद रहे। जनमत यात्रा बाद में अन्ता व किशनगंज पहुंची। वहां आयोजित कार्यक्रमों में लोगों व युवाओं को मतदान की शपथ दिलाई गई। इस दौरान लोगों ने अपनी समस्याओं व पीड़ा को भी खुलकर बताया।
बारां. जिला कलक्टर डॉ. एसपी सिंह ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए इसमें आधिक से अधिक लोगों की भागीदारी की जरुरत होती है। निर्वाचन विभाग मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के लिए कई जतन कर रहा है। ऐसे में राजस्थान पत्रिका की ओर से निकाली जा रही जागो जनमत यात्रा नि:संदेह काबिले तारीफ हैं। इसके लिए पत्रिका को बहुत-बहुत बधाई। मैं यहां मौजूद सभी से अनुरोध करता हंू कि आगामी ७ दिसम्बर को लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। यह आपका अधिकार तो है ही कर्तव्य भी है। यहां मौजूद छात्राएं अपने परिजनों के साथ आसपास के लोगों को भी मतदान केन्द्रों तक पहुंचाने में अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करें। कम से कम पांच लोगों को मतदान के लिए जागरूक करने का प्रयास करें। जिला परिषद के सीईओ व स्वीप के नोडल प्रभारी भवानी सिंह पालावत ने कहा कि पत्रिका सामाजिक सराकारों के तहत ऐसे कई कार्यक्रम आयोजित करता रहा है। जिले में पहुंची जनमत यात्रा से लोगों में मतदान के प्रति उत्साह बढ़ेगा। जिला निर्वाचन विभाग ऐसे कार्यक्रमों को अपना सम्पूर्ण सहयोग देने में तत्पर रहेगा। उन्होंने सभी शिक्षक, शिक्षिकाओं व छात्राओं से मतदान केन्द्रों पर पहुंच निष्पक्ष व निर्भीक रूप से मतदान की अपील भी की। सामाजिक कार्यकर्ता धर्मेन्द्र निर्विकार ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को मतदान बढ़ाने में सहयोग के कई तरह के तरीकों पर विस्तार से प्रकाश डाला। पत्रिका प्रतिनिधि ने जागो जनमत यात्रा के बारे में विस्तार से जानकारी दी। प्राचार्या रेखा सक्सेना ने आभार जताया। संचालन वरिष्ठ शारीरिक शिक्षिका किरण सिंह व नीलम कपूर ने किया।