
मृतक रामनिवास की फाइल फोटो: पत्रिका
Baran Youth Died From Electric Shock: बारां जिले के छीपाबड़ौद तहसील क्षेत्र के अमृतखेड़ी गांव में बुधवार दोपहर दर्दनाक हादसे में एक युवक की विद्युत लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। मंदिर की छत पर निर्माण कार्य करते समय युवक विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक की पहचान उतावली निवासी रामनिवास मेहर (28) पुत्र चौथमल मेहर के रूप में हुई है। रामनिवास की शादी करीब डेढ़ साल पहले हुई थी। उसके परिवार में पत्नी और महज दो माह का एक बेटा है। हादसे के बाद मासूम बच्चे के सिर से पिता का साया उठ गया। पति की मौत की खबर सुनते ही पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अंतिम संस्कार के दौरान वह 2 माह के बच्चे को गोद में लेकर बिलखती रही। इस दृश्य को देखकर मौके पर मौजूद ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गईं।
जानकारी के अनुसार रामनिवास अमृतखेड़ी गांव में मंदिर की छत पर निर्माण कार्य कर रहा था। इसी दौरान वह वहां से गुजर रही विद्युत लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।
हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद गमगीन माहौल में रामनिवास का अंतिम संस्कार किया गया।
रामनिवास अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। परिवार के लिए उसकी मौत किसी बड़े सदमे से कम नहीं है। डेढ़ साल पहले शादी के बाद परिवार में खुशियां आई थीं और दो माह पहले ही उसके घर में बेटे का जन्म हुआ था। परिवार अभी बच्चे के जन्म की खुशी से पूरी तरह उबर भी नहीं पाया था कि हादसे ने सब कुछ बदल दिया।
रामनिवास की मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है। ऐसे में ग्रामीणों ने सरकार और प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
गुरुवार को मृतक के परिजन कवाई थाना पहुंचे। उन्होंने थानाधिकारी राजपाल सिंह से मुलाकात कर घटना को लेकर उचित कार्रवाई की मांग की। परिजनों ने हादसे की जांच कराने और परिवार को राहत दिलाने की मांग रखी। थानाधिकारी ने परिजनों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि विद्युत लाइन के पास निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से यह हादसा हुआ। उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच कराने के साथ मृतक के परिवार को सरकारी सहायता दिलाने की मांग की है। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
Updated on:
28 Aug 2026 12:36 pm
Published on:
28 Aug 2026 12:36 pm
