
बारां। प्रदेशभर में होने वाले नगर पालिका चुनाव की प्रशासनिक तैयारियां पूरी हो गई हैं। 27 अगस्त से वार्ड पार्षदों के लिए चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों के नामांकन की प्रक्रिया शुरू होगी। इसके लिए मांगरोल में मंगलवार से रिटर्निंग अधिकारी के कार्यालय से नामांकन फॉर्म देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। फॉर्म 27 अगस्त से 31 अगस्त तक (रविवार व रक्षाबंधन के अवकाश को छोड़कर) रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय में प्रातः 10.30 बजे से 3 बजे तक जमा किए जाएंगे।
फॉर्म के साथ उपबंध I का शपथ पत्र 50 रुपए के स्टाम्प पेपर पर नोटरी करवाकर जमा कराना होगा। रिटर्निंग अधिकारी एसडीओ मसिंगाराम ने बताया कि प्रत्याशी अगर मान्यता प्राप्त राजनीतिक पार्टी से है तो 1 प्रस्तावक और निर्दलीय के लिए 5 प्रस्तावक आवश्यक हैं। राजनीतिक दल के अभ्यर्थी फॉर्म का भाग I व निर्दलीय भाग II भरें। प्रस्तावक उसी वार्ड का मतदाता हो, उसका भाग संख्या व मतदाता सूची में क्रमांक भरना जरूरी है।
मतदाता सूची के संबंधित पेज की प्रति संलग्न कर दें तो अधिक अच्छा है। एक व्यक्ति अधिकतम 4 नाम-निर्देशन पत्र दाखिल कर सकता है, परंतु एक से अधिक वार्डों से दाखिल किया है तो एक वार्ड को छोड़कर अन्य वार्ड से वापस लेना जरूरी है, अन्यथा सभी नाम-निर्देशन पत्र खारिज हो जाएंगे। वार्ड पार्षद के लिए संबंधित निकाय की मतदाता सूची के किसी भी वार्ड में नाम होना आवश्यक है।
अगर वार्ड ओबीसी, एसटी-एससी है तो जाति प्रमाण-पत्र संलग्न करना आवश्यक है। अनारक्षित वार्ड के लिए जाति प्रमाण-पत्र आवश्यक नहीं है। परंतु अभ्यर्थी आरक्षित वर्ग से है तो जाति प्रमाण-पत्र संलग्न करने पर प्रतिभूति राशि में छूट प्राप्त कर सकते हैं। सामान्य के लिए प्रतिभूति राशि 2000 रुपए, आरक्षित वर्ग व महिलाओं के लिए 1000 रुपए जमा करना है। प्रतिभूति राशि की स्वयं द्वारा सत्यापित कॉपी लगाएं। मूल प्रति अपने पास सुरक्षित रखें।