इज्जतनगर क्षेत्र में प्रेम विवाह के महज 15 दिन बाद एक नर्स की संदिग्ध हालात में मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। गुरुवार देर रात उसका शव घर में फंदे पर लटका मिला।
बरेली। इज्जतनगर क्षेत्र में प्रेम विवाह के महज 15 दिन बाद एक नर्स की संदिग्ध हालात में मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। गुरुवार देर रात उसका शव घर में फंदे पर लटका मिला। इससे पहले उसके पति के जहर खाने की घटना और अब नर्स की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
घटना सीबीगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की है। युवती ने जीएनएम की पढ़ाई पूरी कर इज्जतनगर के एक अस्पताल में नौकरी शुरू की थी। वहीं बदायूं निवासी युवक से उसकी पहचान हुई और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। हाल ही में दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली थी, लेकिन शादी के बाद युवती अपने मायके लौट आई थी। परिजनों के अनुसार, करीब पांच दिन पहले युवती के पति ने विषाक्त पदार्थ खाकर जान देने की कोशिश की थी। इस घटना से परिवार पहले ही तनाव में था। इसी बीच गुरुवार रात युवती ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पति के कदम और पत्नी की मौत के बीच का यह घटनाक्रम अब जांच का अहम बिंदु बन गया है।
मृतका के भाई ने बताया कि उनके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। बाद में मामा-मामी ने दोनों भाई-बहन की परवरिश की, लेकिन उनका भी देहांत हो गया। ऐसे में दोनों ही एक-दूसरे का सहारा थे। बहन ने मेहनत से पढ़ाई कर नौकरी हासिल की थी, लेकिन अचानक यह हादसा हो गया। वहीं भाई के मुताबिक, मृतका का पति दो दिन पहले ही घर आया था और उसे अपने साथ ले जाने की बात कर रहा था। युवती भी जाने को तैयार थी, लेकिन किसी कारण से नहीं गई। इसके बाद ही देर रात यह घटना सामने आई।
पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें युवती ने लिखा है कि वह अपनी मर्जी से यह कदम उठा रही है और उसकी मौत के लिए कोई जिम्मेदार नहीं होगा। हालांकि, पुलिस इस नोट की सत्यता और परिस्थितियों की जांच कर रही है। घटना के बाद इलाके में सनसनी है। प्रेम विवाह के कुछ ही दिनों बाद पति-पत्नी के बीच क्या हुआ, किन परिस्थितियों में दोनों ने ऐसे कदम उठाए ये सवाल अब भी अनुत्तरित हैं। पुलिस का कहना है कि हर पहलू की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।