29 मार्च 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

ऑपरेशन क्लीन… बहेड़ी में पुलिस मुठभेड़, 4 गौतस्कर गिरफ्तार, दो के पैर में गोली, सिपाही घायल

गौकशी के आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस की शुक्रवार तड़के बहेड़ी में बदमाशों से सीधी भिड़ंत हो गई। नहर पुलिया के पास हुई इस मुठभेड़ में पुलिस और बदमाशों के बीच जमकर फायरिंग हुई।

2 min read
Google source verification

बरेली। गौकशी के आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस की शुक्रवार तड़के बहेड़ी में बदमाशों से सीधी भिड़ंत हो गई। नहर पुलिया के पास हुई इस मुठभेड़ में पुलिस और बदमाशों के बीच जमकर फायरिंग हुई। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि दो को मौके से दबोच लिया गया। मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है। मौके से भारी मात्रा में अवैध असलहे, कारतूस, नकदी और टेंपो बरामद हुआ है।

मंगलवार देर रात श्यामाचरण गोटिया इलाके के जंगल में किच्छा नदी किनारे गौवंशीय पशु के वध की घटना सामने आई थी। इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर गौकशों की तलाश शुरू कर दी थी और लगातार जंगल व आसपास के इलाकों में दबिश दी जा रही थी। शुक्रवार सुबह करीब चार बजे पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी दोबारा वारदात की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने उत्तमनगर रोड स्थित नहर पुलिया पर घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान एक नीले-सफेद रंग का टेंपो आता दिखा, जिसे रोकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखकर टेंपो सवार बदमाश घबरा गए और गाड़ी मोड़कर भागने लगे।

400 मीटर पीछा, फिर गोलियों की बरसात

पुलिस टीम ने पीछा किया तो करीब 400 मीटर आगे टेंपो फंस गया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अचानक चली गोलियों से अफरा-तफरी मच गई और एक गोली हेड कांस्टेबल सरजीत सिंह को जा लगी। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी मोर्चा संभालते हुए फायरिंग की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में फैजान (24) निवासी इस्लामनगर और लईक (36) निवासी जाफरपुर के पैर में गोली लगी, जिससे वे गिर पड़े। वहीं उनके साथी सद्दाम (28) निवासी राजानगर और रवि (26) निवासी श्यामाचरण गोटिया को पुलिस ने भागते समय दबोच लिया।

असलहे, कारतूस और औजारों का जखीरा बरामद

मौके पर तलाशी के दौरान पुलिस को बदमाशों के पास से 315 बोर के दो तमंचे, 12 बोर का एक तमंचा, 7.63 बोर की रिवॉल्वर, कई जिंदा कारतूस और खोखे बरामद हुए। इसके अलावा गौकशी में इस्तेमाल होने वाले औजार, करीब 10 हजार रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त टेंपो भी बरामद किया गया। घायल बदमाशों और जख्मी पुलिसकर्मी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में पुलिस की सतर्कता बढ़ा दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और गौकशी के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जाएगा।