
मासूम का फाइल फोटो
बरेली। आंवला थाना क्षेत्र में पांच महीने से लापता 5 साल के मासूम का शव शनिवार को गांव के ही तालाब में मिलने से हड़कंप मच गया। शव की हालत और परिस्थितियों ने पूरे मामले को और रहस्यमय बना दिया है। परिजनों ने हत्या कर तंत्र-मंत्र के तहत बलि देने का आरोप लगाया है, जिससे गांव में डर और गुस्से का माहौल है।
थाना क्षेत्र के कंधरपुर निवासी भरत सिंह का बेटा 28 दिसंबर 2025 को घर के बाहर खेलते-खेलते अचानक लापता हो गया था। परिवार ने पहले खुद तलाश की, फिर ग्रामीणों के साथ मिलकर खेत, जंगल और हर घर खंगाला। यहां तक कि जिस तालाब से अब शव मिला, उसे भी पहले साफ कराकर देखा गया था, लेकिन तब कोई सुराग नहीं मिला था। शनिवार को ग्रामीणों की नजर जैसे ही तालाब में तैरते शव पर पड़ी, पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे। बेटे का शव देखते ही पिता भरत सिंह बेसुध हो गए, जबकि मां नैना देवी की हालत भी बिगड़ गई। पूरे गांव में मातम पसर गया।
परिजनों का दावा है कि शव की स्थिति देखकर लगता है कि हत्या हाल ही में, करीब तीन-चार दिन पहले की गई है और इसके बाद शव को तालाब में फेंका गया। यही वजह है कि पहले कई बार तलाश के बावजूद शव नहीं मिला था। मासूम के गायब होने के बाद परिवार ने रिश्तेदारों से लेकर ज्योतिषियों और मंदिरों तक हर जगह मदद मांगी। लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। परिवार को आखिरी समय तक उम्मीद थी कि बच्चा जिंदा मिलेगा, लेकिन अब शव मिलने से सारी उम्मीदें टूट गईं।
परिजनों ने इस वारदात के पीछे तंत्र-मंत्र और बलि की आशंका जताई है। उनका कहना है कि न तो किसी से दुश्मनी थी और न ही फिरौती की कोई मांग आई, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है। फिलहाल पुलिस ने हत्या सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी है। आंवला क्षेत्राधिकारी नितिन कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण और समय का सही पता चल सकेगा। फिलहाल गांव में डर और आक्रोश का माहौल है, जबकि पुलिस पूरे मामले की गहराई से पड़ताल कर रही है।
Published on:
28 Mar 2026 09:43 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
