बिल्सी थाना क्षेत्र के कछला-शाहबाद हाईवे किनारे स्थित एक फार्म हाउस पर चौकीदार का रक्तरंजित शव मिला। सुबह-सुबह दूध लेने पहुंचे खेत मालिक की नजर जैसे ही जमीन पर पड़े खून से सने शव पर पड़ी, उनके होश उड़ गए।
बदायूं। बिल्सी थाना क्षेत्र के कछला-शाहबाद हाईवे किनारे स्थित एक फार्म हाउस पर चौकीदार का रक्तरंजित शव मिला। सुबह-सुबह दूध लेने पहुंचे खेत मालिक की नजर जैसे ही जमीन पर पड़े खून से सने शव पर पड़ी, उनके होश उड़ गए। कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंच गई और पूरे इलाके को घेर लिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस के साथ क्षेत्राधिकारी सुनील कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। बाद में एसपी ग्रामीण हृदेश कठेरिया ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने फार्म हाउस के अंदर और बाहर गहन छानबीन की और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी।
जानकारी के मुताबिक बिल्सी निवासी नरेश माहेश्वरी का खेत कछला-शाहबाद हाईवे के किनारे स्थित है, जहां उन्होंने फार्म हाउस बना रखा है और गाय भी पाल रखी हैं। फार्म हाउस की देखरेख की जिम्मेदारी मुजरिया थाना क्षेत्र के अलीगंज निवासी 65 वर्षीय सुरेंद्र सिंह के पास थी। वह करीब 20 वर्षों से यहां चौकीदारी कर रहे थे और दूसरी मंजिल पर ही सोते थे। मंगलवार सुबह जब नरेश रोज की तरह दूध लेने पहुंचे तो फार्म हाउस के बाहर जमीन पर सुरेंद्र सिंह का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। यह दृश्य देखकर उन्होंने तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस शुरुआती जांच में इसे संदिग्ध मान रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह साफ नहीं हो सका है कि मामला हत्या का है या फिर छत से गिरने से मौत हुई है। दोनों ही पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।
मृतक सुरेंद्र सिंह के परिवार पर पहले भी दुखों का पहाड़ टूट चुका है। उनके इकलौते बेटे संतोष की करीब दस साल पहले मौत हो चुकी थी। उनकी दो बेटियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। बेटे के निधन के बाद सुरेंद्र सिंह अकेले ही चौकीदारी कर अपना जीवन यापन कर रहे थे। एसपी ग्रामीण हृदेश कठेरिया ने बताया कि चौकीदार का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घटना ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।