
बरेली। शहर में अवैध प्लॉटिंग का खेल अब बीडीए की रडार पर है। गुरुवार को सीबीगंज के अटरिया गांव में बीडीए ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए तीन अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर चला दिया। कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और अवैध प्लॉटिंग करने वालों में खौफ साफ नजर आया।
प्रवर्तन टीम ने मौके पर पहुंचकर करीब 12 बीघा जमीन पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों को निशाना बनाया। सोमपाल की 4 बीघा, मोर सिंह की 5 बीघा और चुन्नी लाल व इलियास की 3 बीघा जमीन पर बिना स्वीकृति प्लॉटिंग, सड़क, नाली और बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया जा रहा था। टीम ने जेसीबी से सभी निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान कई लोग मौके से खिसकते नजर आए।
संयुक्त सचिव दीपक कुमार के नेतृत्व में सहायक अभियंता विनोद कुमार, अवर अभियंता संदीप कुमार, सीताराम समेत पूरी प्रवर्तन टीम मौके पर डटी रही। किसी भी विरोध या हंगामे की आशंका को देखते हुए पुलिस बल भी तैनात किया गया था। बुलडोजर चलते ही मौके पर भीड़ जुट गई, लेकिन टीम ने सख्ती से कार्रवाई पूरी कराई। बीडीए की इस कार्रवाई ने साफ संदेश दे दिया है कि बिना मानचित्र स्वीकृति के कॉलोनी बसाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। लंबे समय से इस क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद यह सख्त कदम उठाया गया।
बीडीए उपाध्यक्ष डॉ ए. मनिकंडन ने कहा कि बिना प्राधिकरण की स्वीकृति के की जा रही कोई भी प्लॉटिंग पूरी तरह अवैध है। ऐसे मामलों में न सिर्फ निर्माण ध्वस्त किया जाएगा, बल्कि संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि किसी भी भूखंड या मकान को खरीदने से पहले उसकी मानचित्र स्वीकृति की जांच जरूर करें, वरना आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
Published on:
16 Apr 2026 09:33 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
