16 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

फैज बने सोनू चौहान… कालीबाड़ी मंदिर में अपनाया सनातन धर्म, बोले-खुद की श्रद्धा से किया फैसला

गुरुवार को शहर के कालीबाड़ी मंदिर में एक युवक ने धर्म परिवर्तन कर सनातन धर्म अपना लिया। फैज ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना और शुद्धिकरण के बाद नया नाम सोनू चौहान ग्रहण किया।

2 min read
Google source verification

शाहजहांपुर। गुरुवार को शहर के कालीबाड़ी मंदिर में एक युवक ने धर्म परिवर्तन कर सनातन धर्म अपना लिया। फैज ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना और शुद्धिकरण के बाद नया नाम सोनू चौहान ग्रहण किया। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर मंदिर परिसर में दिनभर हलचल रही और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

मंदिर परिसर में पुरोहितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन-पूजन कराया गया। धार्मिक अनुष्ठान के दौरान अग्नि में आहूतियां दी गईं और गंगाजल से शुद्धिकरण की प्रक्रिया पूरी की गई। पूरे आयोजन को पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराया गया। इसके बाद हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों ने युवक को नया नाम सोनू चौहान दिया, सोनू शाहजहांपुर के कस्बा तिलहर के रहने वाले हैं।

मां काली के दरबार में टेका माथा

धर्म परिवर्तन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सोनू चौहान ने मां काली की प्रतिमा के सामने माथा टेककर आशीर्वाद लिया। इस दौरान मंदिर में मौजूद लोगों ने भी उनके इस निर्णय का स्वागत किया और धार्मिक नारे लगाए गए। माहौल पूरी तरह धार्मिक और उत्साहपूर्ण बना रहा। सोनू चौहान ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्होंने यह फैसला अपनी व्यक्तिगत श्रद्धा और अंतरात्मा की आवाज पर लिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन पर किसी प्रकार का कोई दबाव नहीं था। यह निर्णय उन्होंने पूरी तरह से अपनी आस्था और विश्वास के आधार पर लिया है।

भगवान शिव में पहले से थी गहरी आस्था

उन्होंने बताया कि भगवान शिव के प्रति उनकी पहले से ही गहरी आस्था रही है। वे कई बार धार्मिक स्थलों पर भी जा चुके हैं और अयोध्या में मंदिर निर्माण के समय भी पहुंचे थे। उनका कहना है कि सनातन धर्म के प्रति उनका झुकाव लंबे समय से था, जो अब इस निर्णय के रूप में सामने आया है। इस मौके पर हिंदूवादी नेता और सेंट्रल बार एसोसिएशन के महासचिव राजेश अवस्थी ने बताया कि पूरी प्रक्रिया विधि-विधान के साथ संपन्न कराई गई है। उन्होंने इसे घर वापसी बताया। कार्यक्रम में दुर्गेश मिश्रा, संतोष कुमार समेत कई अन्य लोग मौजूद रहे, जिन्होंने इस आयोजन में भाग लिया।