
चौकी इंचार्ज पर गंभीर आरोप, एसएसपी ने किया निलंबित। फोटो सोर्स- पत्रिका न्यूज
Police Officer Talking Obscenely: बरेली के नवाबगंज थाना क्षेत्र के कस्बा चौकी पर तैनात चौकी इंचार्ज सुनील कुमार पर एक महिला ने बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अनुराग आर्य के समक्ष पेश होकर अपनी शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता ने शिकायत में आरोप लगाया गया है कि चौकी इंचार्ज ने आर्थिक लेन-देन के बाद उसके प्रेमी को बिना किसी कानूनी कार्रवाई के छोड़ दिया।
महिला के अनुसार, उसका कस्बे के मोहल्ला नई बस्ती निवासी एक विवाहित युवक के साथ पिछले 3 वर्षों से प्रेम संबंध था। पीड़िता ने कहा कि इस दौरान दोनों के बीच कई बार शारीरिक संबंध भी बने। समय बीतने के साथ जब महिला ने शादी का दबाव बनाया, तो युवक टालमटोल करने लगा।
आखिरकार, परेशान होकर महिला ने नवाबगंज थाने में युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने युवक को थाने बुलाया भी, लेकिन आगे की कार्रवाई में कथित तौर पर गड़बड़ी हुई।
महिला ने आरोप लगाया कि चौकी इंचार्ज सुनील कुमार ने युवक को थाने लाने के बाद उससे आर्थिक सांठगांठ कर ली और बिना किसी कानूनी प्रक्रिया के उसे छोड़ दिया। इससे महिला को गहरा झटका लगा और उसने इस पूरे मामले की सच्चाई जानने की कोशिश की।
महिला का आरोप है कि युवक को छोड़ने के बाद चौकी इंचार्ज ने उसे फोन कर चौकी पर बुलाया। जब उसने प्रेमी को छोड़ने के कारण के बारे में पूछा, तो दरोगा ने उसके साथ फोन पर अश्लील बातचीत शुरू कर दी। महिला ने यह भी दावा किया कि उसने इस बातचीत की रिकॉर्डिंग कर ली है, जिसे उसने साक्ष्य के रूप में अधिकारियों को सौंपने की बात कही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए SSP अनुराग आर्य ने तत्काल प्रभाव से चौकी इंचार्ज सुनील कुमार को निलंबित कर दिया है। साथ ही पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच के लिए यह मामला CO प्रथम आशुतोष शिवम को सौंपा गया है।
SSP अनुराग आर्य ने कहा कि महिला जनसुनवाई के दौरान उनके सामने पेश हुई थी और उसने चौकी इंचार्ज पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से कराई जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
संबंधित विषय:
Updated on:
16 Apr 2026 03:43 pm
Published on:
16 Apr 2026 03:43 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
